IND vs AFG 2nd T20: वैभव बाहर, बिश्नोई IN; आकाश चोपड़ा ने चुनी भारत की संभावित प्लेइंग 11

0

नई दिल्ली : भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला 15 सितंबर (मंगलवार) को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेला जाएगा। इस मुकाबले में फैंस की नजरें इस पर टिकी होंगी कि 15 वर्षीय तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम में एंट्री मिलती है या नहीं। आकाश चोपड़ा ने तो फिलहाल इससे इनकार कर दिया है और अपनी संभावित प्लेइंग 11 में वैभव को जगह नहीं दी है।

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर दूसरे टी20 से पहले टीम इंडिया में हुई वरुण चक्रवर्ती की इंजरी की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने दूसरे टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11 भी बताई। हालांकि, उन्होंने संजू सैमसन के वर्ल्ड कप 2026 के बाद से फॉर्म पर सवाल उठाए हैं लेकिन फिर भी अपनी प्लेइंग 11 में बतौर ओपनर संजू और अभिषेक शर्मा को ही चुना है।

उन्होंने इस वीडियो में संजू को लेकर कहा,”संजू सैमसन फिर फोकस में रहेंगे, मैं चाहता हूं वह अच्छा करेंगे। यह बात सच है कि वर्ल्ड कप के बाद जो भी मुकाबले खेले हैं रन नहीं बने हैं। आप रन नहीं बना पाएंगे तो सवाल जरूर उठेंगे।” संजू सैमसन ने वर्ल्ड कप के बाद पांच टी20 मुकाबले खेले हैं और पांच पारियों में 8.6 की औसत से सिर्फ 43 रन बनाए हैं। उनका प्रदर्शन बेहद खास नहीं रहा है और बेंच पर मौजूद वैभव सूर्यवंशी के कारण उन पर फिर से दबाव बन रहा है।

आकाश की प्लेइंग 11 के मुताबिक भारतीय टीम दूसरे टी20 में सिर्फ एक बदलाव के साथ उतरेगी। यह भी एक फोर्स चेंज होने वाला है क्योंकि वरुण चक्रवर्ती चोटिल हैं तो रवि बिश्नोई को उनकी जगह मौका मिल सकता है। बाकी उन्होंने अपनी टीम और प्लेइंग कॉम्बिनेशन में कोई भी बदलाव नहीं किए हैं। बता दें कि पहले टी20 में आकाश चोपड़ा ने जो प्लेइंग 11 चुनी थी, भारत उसी अंतिम 11 के साथ उतरा था, इसका स्क्रीनशॉट उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर भी शेयर किया था।

दूसरे टी20 के लिए आकाश चोपड़ा ने चुनी भारत की यह प्लेइंग 11

संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, इशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।

अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुना गया भारत का स्क्वाड

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती (पूरी सीरीज से बाहर), रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर (हर्षित राणा की जगह एंट्री)।

भारतीय टीम ने सीरीज का पहला मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया था। अब इस मैच में श्रेयस अय्यर की नजरें लगातार अपनी कप्तानी में दूसरी और भारतीय सरजमीं पर बतौर कप्तान पहली टी20 सीरीज जीतने पर होंगी। पिछले मुकाबले में गेंद से हीरो 3 विकेट लेकर अर्शदीप सिंह रहे थे और बल्ले से अभिषेक शर्मा ने 32 गेंद पर 82 और इशान किशन ने 42 रन की पारियां खेली थीं। सीरीज का तीसरा मुकाबला दिल्ली में ही 17 सितंबर को खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here