नई दिल्ली : भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने पहले ही स्क्वाड का ऐलान कर दिया था। अब मैच से ठीक चार दिन पहले एक और खिलाड़ी को अचानक टीम सेटअप में शामिल किया गया है, जिसे नेट बॉलर के तौर पर जोड़ा गया है। ऐसे में चर्चा है कि क्या उसे पहली बार भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका मिल सकता है। यह खिलाड़ी जम्मू-कश्मीर के औकिब नबी हैं, जिन्होंने हाल के समय में अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है।
डेब्यू की दहलीज पर औकिब नबी, बढ़ी उम्मीदें
जम्मू कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी की भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में एंट्री हो गई है। हालांकि कोई खिलाड़ी बाहर नहीं किया गया है, नेट बॉलर के रूप में आए हैं। इस टेस्ट मैच में हर्षित राणा और आकाश दीप नहीं खेल रहे हैं, क्योंकि वे चोटिल हैं और उन्हें पूरी तरह से ठीक होने में अभी वक्त लगेगा। साथ ही जसप्रीत बुमराह को भी आराम दिया गया है। टीम में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा हैं। ऐसे में क्या उन्हें भारत के लिए डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।
नबी की टीम में एंट्री पर अजीत अगरकर ने क्या कहा?
इस बीच टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने कहा है कि टीम में जिन खिलाड़ियों को चुना गया है, वो तो हैं ही, साथ ही अब औकिब नबी भी नए खिलाड़ी के तौर पर आए हैं। अगरकर ने कहा कि नबी ने जम्मू कश्मीर की ओर से खेलते हुए रणजी ट्रॉफी और बाकी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है।
नबी ने रणजी ट्रॉफी में मचाया धमाल
भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच होने वाली सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान पहले ही कर दिया गया था, जिसमें औकिब नबी का नाम शामिल नहीं था। औकिब नबी ने पिछले ही साल रणजी ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उन्होंने 17 पारियों में 60 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था।
इस दौरान उनका औसत 12.60 का रहा, जो बेहद प्रभावशाली माना जाता है। घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने टीम इंडिया में जगह को लेकर चर्चा तेज कर दी थी। उन्होंने जम्मू-कश्मीर टीम के लिए कई अहम मुकाबलों में शानदार गेंदबाजी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। इसी वजह से उन्हें लेकर लगातार भारतीय टीम में शामिल किए जाने की मांग उठती रही है। अब फैंस को उनके डेब्यू का इंतजार है।


