नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया में इसी टीम के खिलाफ पहली बार टी20 सीरीज जीतने का गौरव हासिल किया। इसी सीरीज में टीम के ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। यह अभिषेक की ऑस्ट्रेलिया में पहली टी20 सीरीज थी और उन्होंने इसमें प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम कर शानदार उपलब्धि हासिल की।
अभिषेक शर्मा ने जीता प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब
अभिषेक शर्मा 5 मैचों की टी20 सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। इस सीरीज में उन्होंने न केवल भारत के लिए बल्कि कुल मिलाकर सबसे अधिक रन बनाए। 5 मैचों में अभिषेक ने 40.57 की औसत और 161.38 की स्ट्राइक रेट के साथ 163 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक जमाया और उनका बेस्ट स्कोर 68 रन रहा। इसके अलावा, उन्होंने इन मैचों में 18 चौके और 6 छक्के भी लगाए।
इस टी20 सीरीज में शुभमन गिल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 5 मैचों में 44.00 की औसत और 136.08 की स्ट्राइक रेट के साथ 132 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 46 रन रहा। सीरीज का पांचवां मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया, और भारत ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की। इस मैच में अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी निभाई, जो साल 2025 में दोनों के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 से अधिक रन की चौथी साझेदारी थी।

