IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी रणनीति बदलने की तैयारी में, कौन हो सकता है उस्मान ख्वाजा का पार्टनर

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इस साल के अंत में जाना है। दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जाएगी। भारतीय टीम का इस ट्रॉफी पर कब्जा है। पिछले दो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम चैंपियन रही है। ऐसे में यह सीरीज काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। ऑस्ट्रेलिया की टीम अपनी रणनीति बदलने की तैयारी में है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उस्मान ख्वाजा को नया ओपनर साथी मिल सकता है। स्टीव स्मिथ को भारत के खिलाफ नंबर-4 पर खिलाने का विचार चल रहा है। वहीं ट्रेविस हेड को ओपनिंग करते देखा जा सकता है। हेड का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड काफी बढ़िया है। उन्होंने 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल और 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। ऐसे में उन्हें बतौर ओपनर खिलाने पर विचार हो रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने माना कि टीम में इस बात पर चर्चा चल रही है कि उस्मान ख्वाजा के साथ स्टीव स्मिथ पारी की शुरुआत करेंगे या नहीं? मुख्य कोच ने कहा कि टीम के कोचिंग और लीडरशिप ग्रुप ने नवंबर में भारत के खिलफ शुरू होने वाले पांच टेस्ट मैचों के लिए अपनी प्लेइंग 11 पर नजरें गड़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया शेफील्ड शील्ड सीजन की शुरुआत से पहले न्यू साउथ वेल्स को स्मिथ को लेकर अपनी योजनाओं से अवगत कराएगा। इससे आने वाले सीजन के लिए दाएं हाथ के इस खिलाड़ी को तैयारी में मदद मिलेगी।

मैकडोनाल्ड ने स्मिथ को लेकर सवाल पर कहा, “यह सवाल हर किसी की जुबान पर है, है न? हालांकि, हम इस पर नजर रखे हुए हैं, लेकिन हमने इस बारे में कोई ठोस फैसला नहीं लिया है। इस बारे में बहुत सारी अटकलें हैं। अगर मैं कहूं कि इस पर बातचीत नहीं हो रही है तो मैं झूठ बोलूंगा। आने वाले टेस्ट सीजन के संदर्भ में बहुत सारी बातें चल रही हैं। हम पूरी जाकारी साझा करेंगे। हम (NSW कोच) ग्रेग शिपर्ड को बताएंगे कि हमारी योजनाएं क्या हैं। फिर हम देखेंगे कि स्टीव स्मिथ के शील्ड क्रिकेट खेलने पर वह अपनी न्यू साउथ वेल्स टीम के लिए किस पोजिशन पर खेलते हैं।”

मैकडोनाल्ड ने कहा कि कप्तान पैट कमिंस भी प्लेइंग 11 के चयन में अहम भूमिका निभाएंगे, लेकिन उन्होंने दोहराया कि सीरीज शुरू होने से कुछ महीने पहले तक कुछ भी तय नहीं है। उन्होंने कहा, ” मैं अभी बहुत कुछ साझा नहीं करना चाहता हूं। मैं बस इतना कह सकता हूं कि बातचीत हो रही है। कप्तान पैट कमिंस इसका एक बड़ा हिस्सा हैं, वे इस समय रिहैब कर रहे हैं और यहां नहीं हैं। हमने सिडनी में पहले ही सीजन की योजनाओं को लेकर कुछ बातचीत की है। अगर हम स्टीव स्मिथ का क्रम बदलते हैं, तो किसी और को टॉप ऑर्डर में जाना होगा। हमने कैमरन ग्रीन को नंबर चार पर सफल होते देखा है। “

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here