नई दिल्ली: भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच शुक्रवार (6 दिसंबर) से एडिलेड के एडिलेड ओवल में खेला जाएगा। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारतीय टीम 1-0 से आगे है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया की टीम को बड़ा झटका लगा है। दूसरे टेस्ट मैच में जोश हेजलवुड चोट के कारण नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह स्कॉट बोलैंड खेलते दिखेंगे। हेजलवुड ने पर्थ में भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में अच्छी गेंदबाजी की थी। भारतीय बल्लेबाजों को उन्होंने परेशान किया था। उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 1 विकेट लिए।
स्कॉट बोलैंड जुलाई 2023 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट मैच खेलेंगे। वह भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया प्राइम मिनिस्टर 11 के लिए खेले थे। उस मैच में वह विकेट नहीं ले पाए, लेकिन भारतीय टीम उनको हल्के में नहीं लेगी। भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 याद होगा। इंग्लैंड के द ओवल में खेले गए उस मैच में भी जोश हेजलवुड नहीं खेले थे। स्कॉट बोलैंड ने उनकी कमी एकदम महसूस नहीं होने दी थी। उन्होंने पहली पारी में 2 और दूसरी पारी में 3 विकेट लिए थे।
स्कॉट बोलैंड से शुभमन गिल और विराट कोहली को सतर्क रहना होगा
स्कॉट बोलैंड ने डब्ल्यूटीसी 2023 के फाइनल में शुभमन गिल और विराट कोहली को काफी परेशान किया था। उन्होंने गिल को दोनों पारी तो कोहली को दूसरी पारी में आउट किया था। पहली पारी में गिल ऑफ स्टंप की बाहर की गेंद को छोड़ते हुए बोल्ड हो गए थे। गिल ने ऑफ स्टंप के बाहर पिच गेंद को छोड़ी। गेंद अंदर आई और ऑफ स्टंप को उड़ा ले गई।
कोहली को किया आउट
दूसरी पारी में बोलैंड ने गिल को गली में कैच कराया था। कैच को लेकर विवाद हुआ था। ऑफ स्टंप गुड लेंथ गेंद को गिल ने डिफेंड किया था। कैमरन ग्रीन ने ड्राइव लगाते हुए जमीन के करीब गेंद पकड़ी थी। विराट कोहली दूसरी पारी में काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। वह 7 चौकों की मदद से अर्धशतक के करीब थे। स्कॉट बोलैंड ने उन्हें दूसरी स्लिप में स्टीव स्मिथ के हाथों कैच कराया था। इससे 2 गेंद पहले भी कैच की अपील हुई थी। ऑस्ट्रेलिया ने रिव्यू गंवा दिया था। कोहली 78 गेंद पर 49 रन बनाकर आउट हो गए थे।
पिंक बॉल टेस्ट में स्कॉट बोलैंड का प्रदर्शन
स्कॉट बोलैंड पिंक बॉल से काफी घातक साबित हो सकते हैं। यह उनका दूसरा पिंक बॉल टेस्ट होगा। एडिलेड में ही उन्होंने आखिरी बार डे नाइट टेस्ट खेला था। वह 2 मैच की 4 पारी में 7 विकेट ले चुके हैं। होबार्ट में 2022 में अपने पहले पिंक बॉल मैच में उन्होंने 4 विकेट लिए थे। दूसरे मैच में उन्होंने 3 विकेट लिए थे।