भोपाल। कटारा स्केटिंग रिंग पर 15वीं ओपन भोपाल रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया,जिसमें मध्यप्रदेश सहित विभिन्न स्थानों से आए कुल 350 स्केटर्स ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवानदास सबनानी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर स्केटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान रामेश्वर शर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक भरुका एवं चैन सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्केटिंग को बढ़ावा देने के लिए अमर भटकर एवं अनिल भटकर को“गोल्डन व्हील” प्रदान कर सम्मानित किया। समापन अवसर पर रवींद्र यति ने प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ियों को पदक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन अमर रोलर स्केटिंग ऑर्गनाइजेशन द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेलप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


