IND vs AUS: विराट कोहली की साख दांव पर, 4 मैचों की 6 पारियों में वह एक ही तरीके से हुए आउट

0

नई दिल्ली: बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली की साख दांव पर है। 4 मैचों की 6 पारियों में वह एक ही तरीके से आउट हुए हैं। गेंदबाज और फील्डर बदलते रहे हैं, लेकिन विराट के आउट होने का तरीका नहीं बदला है। विराट हर पारी में ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद पर कभी विकेटकीपर तो कभी स्लिप में कैच हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस को छोड़ दें तो बाकी तीनों गेंदबाजों ने उन्हें 2-2 बार आउट किया है। पर्थ टेस्ट की पहली पारी में विराट कोहली 5 रन बनाकर आउट हुए थे। जोश हेजलवुड की शॉर्ट बॉल उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में उस्मान ख्वाजा के हाथों में चली गई थी। एडिलेड टेस्ट की पहली पारी में मिचेल स्टार्क ने आउट किया। ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद पर जब तक वह बल्ला हटाते गेंद स्लिप में स्टीव स्मिथ के पास चली गई।

एडिलेड और गाबा में कैसे हुए आउट

एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में स्कॉट बोलैंड की ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद ने विराट कोहली के बल्ले का किनारा लिया। विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने डाइव लगाते हुए कैच लपका। गाबा टेस्ट की पहली पारी में जोश हेजलवुड की ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद को कोहली फिर छेड़ बैठे थे। विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने उनका कैच लपका।

84 गेंद तक संघर्ष के बाद गलती दोहराई

बॉक्सिंग डे टेस्ट की पहली पारी में विराट कोहली ने 84 गेंद तक गलती नहीं की। 85वें गेंद पर फिर उन्होंने ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद पर बल्ला अड़ा दिया। स्कॉट बोलैंड ने उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। बॉक्सिंग डे टेस्ट की दूसरी पारी में भारतीय टीम के 2 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद विराट कोहली को क्रीज पर समय बिताना था। पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही थी। मिचेल स्टार्क की ऑफ स्टंप से बाहर को छेड़कर वह पवेलियन लौट गए। इस बार उस्मान ख्वाजा ने उनका कैच लपका।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here