IND vs CAN : टी20 विश्व कप में बारिश के कारण भारत-कनाडा का मुकाबला हुआ रद्द

0

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच फ्लोरिडा में होने वाला मुकाबला एक भी गेंद फेंके बिना रद्द घोषित कर दिया है। इस मुकाबले में टॉस भी नहीं हो सका और अंपायर ने दो बार मैदान का निरीक्षण करने के बाद मुकाबले को रद्द करने का फैसला किया। फ्लोरिडा में मैच से पहले काफी बारिश हुई थी जिस कारण मैदान गीला था। मैदानकर्मियों ने मैदान को सुखाने की काफी कोशिश की, लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। मौजूदा टी20 में यह चौथा मुकाबला जो बारिश की भेंट चढ़ा है।

भारतीय टीम ग्रुप-ए से पहले ही सुपर आठ में प्रवेश कर चुकी है और इस मैच के रद्द होने से उस पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। कनाडा के खिलाफ भारतीय टीम के पास सुपर आठ से पहले अपनी बेंच स्ट्रेग्थ को परखने का अच्छा अवसर था। भारतीय टीम अब सुपर आठ में 20 जून को अफगानिस्तान का सामना करेगी। भारत ने ग्रुप चरण में अपने अभियान का समापन चार मैचों में तीन जीत के साथ सात अंक लेकर शीर्ष पर रहकर किया। भारत ने ग्रुप-ए में एक भी मैच नहीं गंवाया। दूसरी ओर, कनाडा की टीम चार मैचों में एक जीत, दो हार के साथ तीन अंक लेकर फिलहाल पाकिस्तान से आगे तीसरे स्थान पर है। पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच रविवार को इसी स्टेडियम में मुकाबला खेला जाना है।

मौजूदा टी20 विश्व कप में बारिश ने चार मुकाबलों में बाधा डाली। भारत और कनाडा मैच से पहले चार जून को वेस्टइंडीज के बारबाडोस में इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच खेला गया मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ गया था। इस मुकाबले में टॉस हुआ था और मैच को 10-10 ओवर का कराने का फैसला किया गया था। स्कॉटलैंड ने 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 90 रन बना लिए थे, लेकिन इंग्लैंड की पारी के दौरान बारिश आ गई और मुकाबला बेनतीजा रहा। वहीं, फ्लोरिडा में 11 जून को श्रीलंका और नेपाल के बीच खेला गया मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया था, जबकि 14 जून को अमेरिका और आयरलैंड के बीच ग्रुप-ए का मुकाबला भी रद्द करना पड़ा था और इसमें टॉस भी नहीं हो सका था। दिलचस्प बात यह है कि फ्लोरिडा को चार मैचों में मेजबानी करनी थी जिसमें से अब तक तीन मुकाबले बिना टॉस हुए रद्द करने पड़े हैं। अब पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच रविवार को इसी मैदान पर मुकाबला होना है और इसमें भी बारिश की आशंका है।

पाकिस्तान के लिए बारिश सबसे बड़ी विलेन बनी। दरअसल, पाकिस्तान की उम्मीदें अमेरिका और आयरलैंड के बीच मुकाबले पर टिकी थी। अगर आयरलैंड इस मैच में अमेरिका को हरा देता तो पाकिस्तान सुपर आठ की दौड़ में बना रहता, लेकिन दोनों टीमों के बीच मैच नहीं होने से अमेरिका और आयरलैंड को एक-एक अंक मिले और अमेरिका पांच अंक लेकर पाकिस्तान से आगे रहकर ग्रुप-ए से सुपर आठ में पहुंचने वाली दूसरी टीम बना। वहीं, 2009 की चैंपियन टीम का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया। पाकिस्तान की टीम तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ दो अंक लेकर चौथे स्थान पर है और अगर वह अपना अंतिम ग्रुप मैच जीत भी लेती है तो उसके चार अंक ही होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here