31.1 C
New Delhi
Wednesday, March 18, 2026

Ind vs Eng 2nd Test, Day 1: पहले दिन का खेल समाप्त, भारत का स्कोर 310/5

बर्मिंघम: भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के शुरुआती दिन पांच विकेट खोकर 310 रन बना लिए हैं। बुधवार का खेल समाप्त होने तक शुभमन गिल 114 और रवींद्र जडेजा 41 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। दोनों के बीच 99 रनों की साझेदारी हो चुकी है। बता दें कि, भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन पर खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है।

भारत की पहली पारी झटके के साथ शुरू हुई। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें क्रिस वोक्स ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद यशस्वी जायसवाल को करुण नायर का साथ मिला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी हुई। ब्रायडन कार्स ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने करुण नायर को अपना शिकार बनाया। वह 50 गेंदों में पांच चौके की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद मोर्चा यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने संभाला। दोनों के बीच 66 रनों की साझेदारी हुई। सलामी बल्लेबाज जायसवाल 87 रन बनाकर आउट हो गए। वह अपना शतक पूरा नहीं कर पाए। उन्हें बेन स्टोक्स ने अपना शिकार बनाया। जायसवाल के बाद गिल को पंत का साथ मिला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए कुछ अच्छे शॉट्स खेले और 47 रन जोड़े, लेकिन शोएब बशीर ने उपकप्तान को अपना शिकार बनाया। वह 42 गेंदों में 25 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, इंग्लैंड की धरती पर अपना पहला मैच खेल रहे नीतीश कुमार रेड्डी सिर्फ एक रन बना पाए। उन्हें क्रिस वोक्स ने बोल्ड किया।

गिल ने लीड्स के बाद एजबेस्टन टेस्ट में भी शतक जड़ दिया है। वह इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन टेस्ट मैचों में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बन गए। इस मामले में उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों की बराबरी कर ली। भारतीय कप्तान ने 199 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का सातवां सैकड़ा पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में भी शतक लगाया था। उससे पहले 2024 में जब इंग्लैंड की टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत आई थी, तब गिल ने धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में 110 रनों की पारी खेली थी। इस तरह गिल इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन शतक जड़ने वाले पांचवें भारतीय बन गए। बतौर कप्तान भी गिल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दूसरा शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए। उनसे पहले यह कारनामा विजय हजारे और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने किया था। दोनों ने क्रमश: दिल्ली और ब्रेबोर्न (1951-52) व लॉर्ड्स और ओल्ड ट्रैफर्ड (1990) में यह कारनामा किया था।

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी कहा कि वह पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। उन्होंने प्लेइंग-11 में तीन बदलाव की घोषणा की। शार्दुल की जगह नीतीश, और बुमराह की जगह आकाश दीप को शामिल किया गया है। इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर भी खेल रहे हैं।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।

इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्राइडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles