IND vs ENG 5th Test: ओवल में टीम इंडिया की अग्नि परीक्षा, मौसम ने बढ़ाई चिंता

0

नई दिल्ली: भारत बनाम इंग्लैंड पांचवां और अंतिम टेस्ट 31 जुलाई 2025, गुरुवार से लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। फिलहाल सीरीज में इंग्लैंड 2-1 से आगे है और भारत के पास बराबरी का मौका होगा। ऐसे में अंतिम टेस्ट शुभमन गिल एंड कंपनी के लिए इंग्लैंड से बदला लेने और श्रृंखला बराबर करने का आखिरी मौका है।

मैनचेस्टर टेस्ट में यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन के शून्य पर आउट होने के बाद ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड चार दिन के भीतर जीत हासिल कर लेगा। हालांकि, इसके बाद जो हुआ वह भारत के विदेशी मैदानों में सबसे मज़बूत बल्लेबाजी प्रयासों में से एक साबित हुआ। अब जबकि ध्यान अंतिम टेस्ट पर केंद्रित है, भारत मैनचेस्टर में अपने शानदार प्रदर्शन से उत्साहित होगा। वह इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट में जीत हासिल कर सीरीज 2-2 से बराबर करना चाहेगा।

ओवल की पिच पर किसका चलेगा जादू? जानिए पिच का मिजाज

ओवल की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। हाल ही में यहां खेले गए एक काउंटी मैच में दोनों पारियों में मिलाकर करीब 1500 रन बने थे। ऐसे में पांचवें टेस्ट में भी रन बनाने की भरपूर उम्मीद है, खासकर अगर मौसम साफ रहा तो। ऐतिहासिक रूप से, यह मैदान उच्च स्कोर बनाने के लिए जाना जाता है, खासकर पिच ड्राई होने की स्थिति में। ओवल में पहली पारी का औसत स्कोर 343 रन है। हालांकि, मौसम की स्थिति मैच के दौरान पिच के व्यवहार को प्रभावित कर सकती है।

“ओवल में बारिश की आशंका, टेस्ट की राह में है येलो अलर्ट”

पांचवें टेस्ट के पहले दिन बारिश बड़ी बाधा बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे दिन तेज बारिश की प्रबल संभावना है, जिससे पहले दिन का खेल पूरी तरह प्रभावित हो सकता है। ब्रिटिश मौसम कार्यालय ने आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे भारत बनाम इंग्लैंड मुकाबले की शुरुआत पर खतरा मंडरा रहा है। खेल शुरू होने से एक घंटा पहले और खेल शुरू होने के समय बारिश होने की 80% संभावना है। इसका मतलब है कि खेल देरी से भी शुरू हो सकता है। पूर्वानुमान के अनुसार दिन के अधिकांश समय 80-70% बारिश होगी।

खेल के अंत में ही मौसम में सुधार होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पूर्वानुमान में कहा गया है, ‘अक्सर बादल छाए रहेंगे, हल्की बौछारें पड़ेंगी या फिर लंबे समय तक बारिश होगी, जो कभी-कभी भारी और गरज के साथ हो सकती है, खासकर दोपहर के समय। बहुत गर्मी और उमस होगी। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा।’ ऐसा नहीं है कि मैच के पहले दिन ही बारिश की संभावना है। वेदर डॉट कॉम के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक भी बादल छाए रहेंगे। सप्ताहांत में और बारिश होने का अनुमान है। तापमान 14°C और 24°C के बीच रहने की उम्मीद है। हवा की गति 13 किमी/घंटा तक रहेगी और आर्द्रता का स्तर 88% के आसपास रहेगा।

भारत बनाम इंग्लैंड 5वें टेस्ट के पहले दिन यानी 31 जुलाई 2025 को लंदन में बारिश की संभावना (%)

सुबह 11 बजे: 80%
दोपहर 12 बजे: 70%
दोपहर 1 बजे: 70%
दोपहर 2 बजे: 60%
दोपहर 3 बजे: 60%
शाम 4 बजे: 60%
शाम 5 बजे: 40%
शाम 6 बजे: 30%
ऊपर दिया गया बारिश का पूर्वानुमान लंदन के समय के अनुसार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here