IND vs ENG: अर्शदीप सिंह ने मोहम्मद शमी को लेकर दिया अपडेट, हार्दिक ने छोड़ा भुवी और बुमराह को पीछे

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 7 विकेट से पहला मैच जीतकर टी20 क्रिकेट में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी, लेकिन मोहम्मद शमी का न खेलना चिंता का विषय है। कोलकाता में 2 विकेट लेकर भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने अर्शदीप सिंह ने मोहम्मद शमी की फिटनेस को लेकर चिंता को खारिज किया।

इस मैच में ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने 2 विकेट लेकर जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ दिया। वह भारत के लिए टी20 में तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। बुमराह के 89 और भुवनेश्वर के 90 विकेट हैं। पंड्या के 91 विकेट हो गए हैं। इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 132 रन पर आउट हो गई। अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के दम पर 12.5 ओवर में 3 विकेट पर 133 रन बना लिए।

अर्शदीप सिंह ने मैच के बाद ब्रॉडकास्टर्स से बात करते हुए मोहम्मद शमी को लेकर अपडेट दिया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा,”कल ही मैं शमी भाई से बात कर रहा था। जब वह गेंदबाजी कर रहे थे, तो जिस तरह से गेंद उनके हाथ से निकल रही थी, वह बिल्कुल अद्भुत था। हर गेंद पर आप कहेंगे, ‘वाह, किसी के हाथ से इतनी शानदार गेंद कैसे निकल सकती है!’ बस कुछ दिन और इंतजार करिए, आपको वह गेंदबाजी देखने को मिलेगी और आप इसका भरपूर आनंद लेंगे। जिस तरह से गेंद उनके हाथ से निकल रही है, उससे ऐसा लग रहा है कि 22 साल के शमी भाई फिर से गेंदबाजी कर रहे हैं।”

हार्दिक पंड्या ने टी20 प्रारूप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ दिया। हार्दिक युवा खिलाड़ी जैकब बेथेल और तेज गेंदबाज जोफ़्रा आर्चर के विकेट लेने में सफल रहे। अपने पहले विकेट के साथ ही हार्दिक ने बुमराह के 89 विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। पारी के आखिर में अपने दूसरे विकेट के साथ हार्दिक ने भुवनेश्वर के 87 मैचों में 90 विकेटों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक शर्मा दूसरे सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here