नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में अब तक टीम इंडिया की तरफ से कप्तान शुभमन गिल के अलावा उपकप्तान ऋषभ पंत के बल्ले का कमाल देखने को मिला है। लॉर्ड्स में खेले जा रहे इस टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले के दूसरे दिन के खेल में टीम इंडिया के कप्तान गिल सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए तो वहीं दिन का खेल खत्म होने पर पंत जरूर 19 रन बनाकर नाबाद थे। पंत इसी के साथ टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ms dhoni का एक रिकॉर्ड चकनाचूर भी करने में कामयाब हो गए।
ऋषभ पंत का बल्ले से अब तक इंग्लैंड के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज में 2 शतकीय और एक अर्धशतकीय पारी देखने को मिल चुकी है। लॉर्ड्स टेस्ट मैच में पंत दूसरे दिन के खेल में 19 रनों की अपनी नाबाद पारी के दम पर इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड ms dhoni के नाम पर था, जिन्होंने साल 2014 में इंग्लैंड के दौरे पर कुल 349 रन बनाए थे। इससे पहले पंत ने साल 2021 के इंग्लैंड के दौरे पर 349 रन बनाकर धोनी के इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी, लेकिन इस बार वह इसे तोड़ने में कामयाब रहे।
टीम इंडिया के लिए स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत को लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन के खेल के पहले सेशन में जसप्रीत बुमराह की लेग स्टंप के बाहर जाती एक गेंद को पकड़ने के प्रयास में तर्जनी उंगली में चोट लग गई थी, जिसके चलते वह इंग्लैंड टीम की पहली पारी में फिर विकेटकीपिंग करने के लिए वापस नहीं लौटे। वहीं दूसरे दिन जब पंत बल्लेबाजी करने उतरे तो वह शोएब बशीर की एक गेंद खेलने के बाद काफी दर्द में भी दिखाई दिए थे। हालांकि इसके बावजूद पंत पर तीसरे दिन बड़ी पारी खेलने की जिम्मेदारी रहेगी, ऐसे में वह यदि शतकीय पारी खेलने में कामयाब होते हैं तो इंग्लैंड में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर और दिलीप वेंगसरकर को पीछे छोड़ देंगे, जिसमें दोनों के नाम 4-4 शतकीय पारी इंग्लैंड में दर्ज है।
इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज
ऋषभ पंत – 361 रन (साल 2025)
एमएस धोनी – 349 रन (साल 2014)
ऋषभ पंत – 349 रन (साल 2021)


