IND vs ENG: आकाश दीप के विकेट पर बवाल, अब MCC ने साफ किया आउट थे या नॉट आउट

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स टेस्ट मैच गंवाने के बाद एजबेस्टन में शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को 336 रनों से अपने नाम किया और सीरीज 1-1 से बराबरी पर लेकर आ गए। एजबेस्टन के मैदान पर टीम इंडिया की तरफ से जहां शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली तो वहीं गेंदबाजों ने भी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। जसप्रीत बुमराह की जगह पर एजबेस्टन टेस्ट मैच में शामिल किए गए तेज गेंदबाज आकाश दीप ने मौके का पूरा फायदा उठाने के साथ कुल 10 विकेट अपने नाम किए। वहीं इस मैच में आकाश दीप की एक गेंद को लेकर अब तक चर्चा देखने को मिल रही है, जिसमें उन्होंने जो रूट को बोल्ड किया था। कई दिग्गजों के अनुसार वो एक नो-बॉल करार दी जानी चाहिए थी, जिसमें अब मेरीलेबोन क्रिकेट क्लब यानी एमसीसी का भी बयान आ गया है।

एजबेस्टन टेस्ट मैच के चौथे दिन के आखिरी सेशन में जब इंग्लैंड की टीम को चौथी पारी में बल्लेबाजी करने का मौका मिला तो उन्होंने 30 रनों के अंदर अपने दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों को गंवा दिया था। वहीं इसके बाद जो रूट ने पारी को एक छोर से संभालने का प्रयास किया लेकिन 11वें ओवर की दूसरी गेंद जो आकाश दीप ने फेंकी थी उसे रूट बिल्कुल भी नहीं समझ पाए और बोल्ड हो गए। इस गेंद को लेकर कुछ दिग्गजों का मानना था कि अंपायर को नो-बॉल देनी चाहिए थे, क्योंकि आकाश का पैर रिटर्न क्रीज के बाहर था।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अब इसी पर एमसीसी की तरफ से भी बयान आ गया है, जिसमें क्रिकबज के अनुसार एमसीसी ने कहा कि भारत और इंग्लैंड के बीच एजबेस्टन के मैदान पर चौथे दिन के खेल में आकाश दीप की गेंद पर सवाल उठे थे, लेकिन तीसरे अंपायर ने बॉल को सही माना था और ये नियमों के अनुसार भी पूरी तरह से सही फैसला था। गेंदबाज का गेंद फेंकते समय पैर रिटर्न क्रीज के अंदर होना चाहिए और उसे छूना नहीं चाहिए। पहला टच ही मायने रखता है। ऐसे में जब आकाश दीप का उस गेंद पर पैर जमीन पर पड़ा तो वह क्रीज के अंदर था और इसीलिए गेंद पूरी तरह से लीगल थी।

इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट मैच की पहली पारी में आकाश दीप ने 4 विकेट हासिल किए थे तो वहीं दूसरी पारी में उन्होंने इंग्लैंड के टॉप-5 में से 4 खिलाड़ियों को अपना शिकार बनाने के साथ 6 विकेट हासिल किए। इस तरह से वह जहां अपने टेस्ट करियर में पहली बार पारी में 5 विकेट लेने में कामयाब रहे तो वहीं मैच में उनके नाम कुल 10 विकेट खाते में आए। अब सभी की नजरें 10 जुलाई से लॉर्ड्स के मैदान पर होने वाले सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच पर टिकी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here