22.3 C
New Delhi
Sunday, March 15, 2026

IND vs ENG: विदेशी धरती पर दूसरी सबसे करीबी हार, इंग्लैंड ने भारत को 22 रन से हराया

लंदन: इंग्लैंड ने भारत को 22 रन से हरा दिया। सोमवार को लॉर्ड्स टेस्ट के आखिरी दिन मेजबानों ने भारतीय टीम को 170 के स्कोर पर ऑलआउट किया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-2 से बढ़त हासिल कर ली। इससे पहले बेन स्टोक्स की टीम ने भारत को लीड्स टेस्ट में पांच विकेट से हराया था। वहीं, भारतीय टीम ने दूसरा टेस्ट (एजबेस्टन टेस्ट) 336 रन से जीता था। बता दें कि, विदेशी धरती पर यह भारतीय टीम की दूसरी सबसे करीबी हार है। इससे पहले टीम को 1977 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन में 16 रनों से शिकस्त मिली थी।

विदेशी धरती पर भारत की टेस्ट में सबसे करीबी हार

लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था और पहली पारी में 10 विकेट पर 387 रन बनाए। उनके लिए जो रूट ने 104 और जेमी स्मिथ व ब्रायडन कार्स ने क्रमश: 51 और 56 रनों की पारियां खेलीं। इसके बाद भारत ने भी 10 विकेट पर 387 रन ही बनाए। उनकी तरफ से केएल राहुल ने 100, ऋषभ पंत ने 74 और रवींद्र जडेजा ने 72 रनों की पारियां खेलीं। दूसरी पारी में इंग्लैंड ने 10 विकेट खोकर 192 रन बनाए और भारत के सामने 193 रन का लक्ष्य रखा, जिसे भारतीय टीम हासिल नहीं कर पाई और 170 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।

भारत की दूसरी पारी झटके के साथ शुरू हुई। कुल पांच के स्कोर पर जोफ्रा आर्चर ने यशस्वी जायसवाल को विकेट के पीछ जेमी स्मिथ के हाथों कैच कराया। वह खाता खोले बिना आउट हुए। इसके बाद मोर्चा केएल राहुल और करुण नायर ने संभालने की कोशिश की। दोनों ने कुछ अच्छे शॉट्स खेले और दूसरे विकेट के लिए 66 गेंदों में 36 रन जोड़े। ब्रायडन कार्स ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। उन्होंने नायर को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 33 गेंदों में एक चौके की मदद से 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान शुभमन गिल पहली पारी के बाद दूसरी पारी में भी कुछ बड़ा कारनामा करने से नाकाम रहे। उन्हें भी कार्स ने ही एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद बेन स्टोक्स ने नाइट वॉचमैन के तौर पर आए आकाश दीप को बोल्ड कर दिया। वह 11 गेंदों में सिर्फ एक रन बना पाए।

दूसरे दिन का खेल 58/4 के स्कोर से शुरू हुआ। पहले सत्र में टीम ने तीन विकेट गंवाए। लंच से पहले भारत ने ऋषभ पंत (9 रन), केएल राहुल (39 रन) के विकेट गंवाए। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर खाता नहीं खोल सके। फिर नीतीश (13) भी पवेलियन लौटे। दूसरे सत्र में जडेजा को जसप्रीत बुमराह का साथ मिला। दोनों के बीच 132 गेंदों में 35 रनों की साझेदारी हुई, जिसे बेन स्टोक्स ने तोड़ा। उन्होंने बुमराह को सैमुअल कुक के हाथों कैच कराया। वह 54 गेंदों में पांच रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जडेजा को मोहम्मद सिराज का साथ मिला। दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 80 गेंदों में 23 रन जोड़े। सिराज को शोएब बशीर ने बोल्ड किया। वह चार रन बना पाए जबकि जडेजा 181 गेंदों में 61 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 150 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 25वां अर्धशतक पूरा किया। इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि ब्रायडन कार्स को दो सफलता मिलीं। वहीं, क्रिस वोक्स और शोएब बशीर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles