लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की हार: किन गलतियों ने छीनी जीत की उम्मीद?

0
Oplus_0

लंदन. भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया को 22 रन से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला रोमांचक मोड़ तक पहुंचा, लेकिन अंत में इंग्लैंड ने जीत दर्ज की। रवींद्र जडेजा ने अंतिम तक संघर्ष किया और टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ बल्लेबाजी करते हुए वे चमत्कार नहीं कर सके। भारत की इस हार के पीछे कई अहम कारण रहे। आइए जानते हैं, वो कौन-सी 5 बड़ी गलतियां रहीं जो भारत को भारी पड़ीं।

1. जायसवाल की दोनों पारियों में विफलता

भारत के ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल से टीम को एक अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट में वे पूरी तरह फ्लॉप रहे। पहली पारी में उन्होंने 13 रन बनाए और दूसरी पारी में बिना खाता खोले ही आउट हो गए। उन्होंने पहली पारी में तेजी से रन बनाने की कोशिश में तीन चौके मारे, लेकिन जल्दबाजी में अपना विकेट जोफ्रा आर्चर को दे बैठे। दोनों पारियों में जायसवाल का जल्दी आउट होना भारत के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।

2. करुण नायर से फिर निराशा

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने वाले करुण नायर इस टेस्ट सीरीज में अब तक अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं। लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 40 रन बनाए, लेकिन इसके बाद लय नहीं पकड़ सके। दूसरी पारी में तो वे सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए। तीनों टेस्ट में एक भी अर्धशतक न लगा पाना इस बात का संकेत है कि वे मिडिल ऑर्डर को संभालने में सफल नहीं हो रहे।

3. कप्तान गिल और टॉप ऑर्डर का खराब प्रदर्शन

भारत की हार में एक अहम भूमिका टॉप ऑर्डर की असफलता रही। केएल राहुल को छोड़ दें, तो बाकी बल्लेबाज निराशाजनक रहे। शुभमन गिल ने पहली पारी में सिर्फ 16 और दूसरी में 6 रन बनाए। गिल इस मैच में सिर्फ आक्रामक नजर आए, लेकिन वो आक्रामकता स्कोरबोर्ड पर असर नहीं डाल सकी। उनका जल्दी आउट होना बाकी बल्लेबाजों पर दबाव बना गया।

4. चौथे दिन ही हार की पटकथा लिखी गई

भले ही मैच पांचवें दिन खत्म हुआ, लेकिन हार की कहानी चौथे दिन ही तय हो गई थी। जब भारत दूसरी पारी खेलने उतरा, तब दिन का खेल खत्म होने तक भारत के 4 विकेट गिर चुके थे और स्कोर सिर्फ 58 रन था। टॉप ऑर्डर की नाकामी से निचले क्रम पर दबाव आ गया और भारत मैच से पूरी तरह बाहर हो गया।

5. हर बार लंच से पहले विकेट गंवाना

भारत ने इस सीरीज में एक और बड़ी गलती दोहराई — लंच से पहले विकेट गंवाना। इससे टीम का मोमेंटम टूट गया। लॉर्ड्स टेस्ट में तीसरे दिन ऋषभ पंत लंच से पहले आउट हुए, वहीं दूसरी पारी में नीतीश रेड्डी भी लंच से ठीक पहले आउट हो गए। इसी तरह पिछले दोनों टेस्ट में भी कई अहम विकेट लंच ब्रेक से पहले गिरे थे, जो इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में ले आए।

जडेजा ने किया संघर्ष, लेकिन नाकाफी रहा

रवींद्र जडेजा ने मैच के अंतिम दिन तक संघर्ष किया। उन्होंने केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश रेड्डी, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ साझेदारी कर स्कोर को 71 से 170 तक पहुंचाया। लेकिन उनके अकेले के प्रयास भारत को जीत नहीं दिला सके। आखिर में टीम इंडिया 22 रन से मैच हार गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here