IND vs ENG: दबाव में है सूर्यकुमार यादव, हरभजन सिंह ने बताया क्या था मैच का टर्निंग पॉइंट

0

नई दिल्ली: भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में 26 रन से हार का सामना करना पड़ा। पहले दो मैच जीतने वाली टीम इंडिया राजकोट में वही लय जारी नहीं रख सकी। जीत के लिये 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम नौ विकेट पर 145 रन ही बना सकी। भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने इस हार के कारणों पर बात की। उन्होंने सूर्यकुमार यादव के फॉर्म और भारतीय टीम के बल्लेबाजी ऑर्डर को इसका मुख्य कारण बताया।

दबाव में है कप्तान सूर्यकुमार

हरभजन सिंह ने बताया कि टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से रन निकल रहे हैं और यह चिंता का विषय है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हरभजन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘सूर्यकुमार जबरदस्त खिलाड़ी हैं। उनका फॉर्म अच्छा है। टी20 ऐसा फॉर्मेट है जहां आपको शॉट खेलने पड़ेंगे। उनके बल्ले से नियमित तौर पर रन नहीं निकल रहे हैं। उनका बल्ला बोले तो वह किसी भी समय मैच को अकेले ही अपनी तरह मोड़ सकते हैं। हालांकि जब से वह कप्तान बने है शायद दबाव है जिसमें उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे।’

बल्लेबाजी ऑर्डर में बदलाव की जरूरत नहीं

हरभजन के मुताबिक मैच में टीम का बल्लेबाजी ऑर्डर भी हार का कारण है। हार्दिक पंड्या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे जबकि ध्रुव जुरेल सातवें नंबर पर आए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हरभजन सिंह ने कहा, ‘बल्लेबाजी में बहुत हेर-फेर किया गया जिसकी जरूरत नहीं है। मैं मानता हूं कि इस फॉर्मेट में आपके पास ऐसे खिलाड़ी है जो कि मैदान पर जाकर रन बना सकते हैं। हालांकि मैं नियमता देखना चाहता था। लेफ्ट-राइट कॉबिनेशन देखना चाहता था। ध्रुव जुरेल को बहुत पीछे उतारा। उन्हें थोड़ा ऊपर आना चाहिए। जुरेल पहले जाते तो बल्लेबाजी लंबी होती। हार्दिक कहेंगे कि उन्होंने रन बनाए और अपना काम किया, गेंदबाजी भी की लेकिन मुझे लगता है कि नीचे आते तो बेहतर होता।’

हरभजन सिंह ने बताए भारत की हार के कारण

हरभजन सिंह के मुताबिक भारत ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन रवि बिश्नोई महंगे साबित हुए। शुरुआत के ओवर्स में बेन डकेट की बल्लेबाजी ने भारतीय टीम को दबाव में डाला। उन्होंने 28 गेंदों में 51 रन बनाए। वहीं लिविंगस्टन ने तूफानी पारी से टीम को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया। उन्होंने पांच छक्के लगाए। भारत को यह पारियां भारी पड़ी। भारतीय स्पिनर ने यह भी कहा कि तिलक वर्मा का विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट था। पिछले मैच के हीरो रहे तिलक केवल 18 रन बनाकर आदिल रशीद की शानदार गेंद का शिकार बने। तिलक के आउट होने के बाद टीम मुश्किल में आ गई और फिर आखिर तक उस दबाव से निकल नहीं सकी। मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी हार के बारे में बात की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here