IND vs ENG: साई सुदर्शन के लीड्स में डेब्यू के मिले संकेत

0

नई दिल्ली: एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच 20 जून से हेडिंग्ले के लीड्स में खेला जाएगा। ऐसे में बी साई सुदर्शन अगले दस दिनों में सुर्खियों में रहने वाले खिलाड़ियों में से एक होंगे। बाएं हाथ के बल्लेबाज पर सबकी नजरें रहेगी क्योंकि वह न केवल टेस्ट डेब्यू करने की होड़ में हैं, बल्कि भारत के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने की रेस में हैं। यह वह पोजिशन है जिसे राहुल द्रविड़ के बाद चेतेश्वर पुजारा ने अपने नाम किया। इसके बाद भारत के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल खेले। हालांकि, भारतीय टीम ने औपचारिक रूप से इसकी घोषणा नहीं की है, लेकिन गिल के नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने की उम्मीद है, जो विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद खाली हो गया है।

साई सुदर्शन के लीड्स में डेब्यू के संकेत प्रैक्टिस सेशन से मिलने लगे हैं। पिछले दो दिनों से बेकेनहैम में भारतीय टीम ट्रेनिंग कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साई सुदर्शन ने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह का सामना किया। इसके बाद उन्हें कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल के साथ चर्चा करते देखा गया। साई सुदर्शन की डिफेंसिव टेक्निक ने भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं और प्रबंधन को प्रभावित किया है। सुदर्शन ने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह की भारतीय तेज गेंदबाजी चौकड़ी का सामना करते हुए ये कौशल दिखाए। ऐसा नहीं है कि वह दिक्कत में नहीं दिखे थे। सोमवार (9 जून) को कई बार गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप और गली क्षेत्र में गई।

कुछ दूरी पर खड़े कोच गौतम गंभीर ने साई सुदर्शन से दोनों दिन बातचीत के दौरान कुछ बातें कहीं। गंभीर दूर से साई सुदर्शन को एक बात समझा रहे थे कि उन्हें अपनी पिछली एड़ी को मजबूती से टिकाए रखना चाहिए ताकि उन्हें अधिक संतुलन मिल सके। साई ने गिल से रविवार (8 जून) को बैटिंग सेशन खत्म करने के बाद फॉरवर्ड डिफेंस के तकनीकी पहलू पर चर्चा करते हुए देखा गया। ऐसा लग रहा था कि साई सुदर्शन आगे की ओर झुकते समय अपने बाएं कूल्हे के खुलने के बारे में बात कर रहे थे। साई सुदर्शन की तकनीक का अगले दो महीनों में टेस्ट होगा, लेकिन यदि वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट और गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल में दिखाए गए धैर्य और आत्मविश्वास को दिखा सके तो वह सफल हो सकते हैं। इंग्लैंड दौरे के साथ भारतीय टीम 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल 2025-27 की शुरुआत करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here