नई दिल्ली: भारत-इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 20 जून से होगी। दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद यह पहली टेस्ट सीरीज होगी। शुभमन गिल की कप्तानी में भारत इस टेस्ट सीरीज के साथ नए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल की शुरुआत करेगा। इस दौरान 6 भारतीय खिलाड़ी कप्तान गिल, केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं। आइए नजर डालते हैं इन पर:
शुभमन गिल
शुभमन गिल को 2,000 टेस्ट रन बनाने के लिए 107 रन की जरूरत है। अब तक 32 टेस्ट में गिल ने 35.05 के औसत से 1,893 रन बनाए हैं। इसमें पांच शतक और सात अर्द्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 128 है। हालांकि, गिल का इंग्लैंड में रिकॉर्ड खराब है, जहां उन्होंने तीन मैचों की छह पारियों में सिर्फ 88 रन बनाए हैं।
यशस्वी जायसवाल
एक अन्य युवा खिलाड़ी, 23 वर्षीय यशस्वी जायसवाल भी 2,000 टेस्ट रन से 202 रन दूर हैं। उन्होंने 19 टेस्ट मैचों में 52.88 के औसत से 1,798 रन बनाए हैं। इसमें उनका स्ट्राइक रेट 65 से अधिक है। उन्होंने चार शतक और 10 अर्द्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 214 है।
केएल राहुल
केएल राहुल अब टीम में सबसे सीनियर बल्लेबाज हैं। वह 9,000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने से 435 रन दूर हैं। केएल का लक्ष्य करियर का सबसे बेहतरीन सीरीज बनाने पर होगा। 215 अंतरराष्ट्रीय मैचों और 248 पारियों में केएल ने 39.10 के औसत से 8,565 रन बनाए हैं। उन्होंने कुल 17 शतक और 57 अर्द्धशतक लगाए हैं। इसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 199 रहा है।
ऋषभ पंत
विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 3,000 टेस्ट रन से सिर्फ 52 रन दूर हैं। अब तक 43 टेस्ट मैचों में पंत ने 75 पारियों में 42.11 के औसत से 2,948 रन बनाए हैं। इसमें उनका स्ट्राइक रेट 73.62 रहा है। उन्होंने छह शतक लगाए हैं। इनमें से दो इंग्लैंड में आए हैं। उन्होंने 15 अर्धशतक भी लगाए हैं। इसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 159 रहा है।
रविंद्र जडेजा
भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा 7,000 अंतरराष्ट्रीय रन से सिर्फ 309 रन दूर हैं। रोहित और विराट की अनुपस्थिति में वह राहुल और पंत के साथ इस युवा बल्लेबाजी लाइन-अप की रीढ़ होंगे। 358 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 296 पारियों में 32.32 के औसत से 6,691 रन बनाए हैं। इसमें चार शतक और 35 अर्द्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 175 है।
मोहम्मद सिराज
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज 200 अंतरराष्ट्रीय विकेटों से 15 विकेट दूर हैं। उन्होंने 96 मैचों में 28.28 के औसत और 6/15 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 185 विकेट लिए हैं। इंग्लैंड में 11 मैचों में 27 विकेट लेने वाले सिराज इस सीरीज में इन यह रिकॉर्ड हासिल कर सकते हैं।