IND vs ENG: तिलक वर्मा के बारे में बात करते हुए पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने आखिर क्यों कहा ऐसा

0

नई दिल्ली: चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में तिलक वर्मा की नाबाद 72 रन की पारी से भारत को 2 विकेट से जीत मिली। भारत की ये जीत काफी अहम रही जिससे उसे इंग्लैंड पर 2-0 से बढ़त मिली। इस मैच में तिलक वर्मा की बल्लेबाजी कमाल की रही और खासतौर पर वो जिस परिस्थिति में खेले उससे जाहिर होता है कि वो कितने परिपक्व हैं। 22 साल के तिलक ने अपनी इस पारी से जाहिर कर दिया कि वो किसी भी कंडीशन में खेल सकते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में तिलक ने अपनी पारी के दौरान उन गेंदबाजों को काफी संभलकर खेला जो उनका विकेट ले सकते थे तो वहीं उन गेंदबाजों पर आक्रमण किया जिस पर वो रन बना सकते थे। उनकी इस धैर्यभरी पारी से भारत ना सिर्फ मुश्किल परिस्थिति से बाहर आया बल्कि मैच जीत भी गया।

तिलक वर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से ठीक पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले 4 मैचों की टी20 सीरीज में दो शतकीय पारी भी खेली थी। यानी इस युवा बल्लेबाज का हर रंग हमें देखने को मिल रहा है। अब तिलक के बारे में बात करते हुए पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने एक कहानी सुनाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बासिल अली ने अपने यूट्यूब चैनल पर बताया कि जब उन्होंने एक बार मोहम्मद अजहरुद्दीन का इंटरव्यू लिया था तो उन्होंने तिलक वर्मा का नाम लिया, जब वह कुछ नहीं थे, केवल आईपीएल में खेलते थे। अजहर ने कहा था कि ये तिलक वर्मा हैं, उन्हें खेलते हुए देखो और अब यह सच हो गया है। दुनिया एक नंबरी तो तिलक वर्मा तीन नंबरी (अगर दुनिया का नंबर 1 है, तो तिलक वर्मा नंबर 3 है)। आप पूछेंगे कि मैंने ऐसा क्यों कहा, ऐसा इसलिए है क्योंकि वह नंबर 3 पर आने के बाद से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

आपको बता दें कि साल 2022 में तिलक वर्मा ने मुंबई के लिए खेला था और ये उनका पहला आईपीएल सीजन था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उस वक्त मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा थे और उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि वो सभी प्रारूपों के खिलाड़ी बनने जा रहे हैं। रोहित ने कहा था कि इतना शांत दिमाग रखना कभी आसान नहीं होता। मेरी राय में, मुझे लगता है कि वह बहुत जल्द भारत के लिए सभी प्रारूपों का खिलाड़ी बनने जा रहा है। उसके पास तकनीक और टेंपरामेंट है, जो उच्चतम स्तर पर खेलने के लिए सबसे अहम चीज है। चीजें उसके लिए काफी अच्छी दिख रही हैं। जब आप उससे बात करते हैं तो उसमें भूख होती है, अच्छा प्रदर्शन करने, खेल खत्म करने साथ ही कुछ सफलता पाने की भूख होती है। मुझे लगता है कि वह सही रास्ते पर है और उसे बस आगे बढ़ते रहने साथ यह देखने की जरूरत है कि वह कैसे एक खिलाड़ी के रूप में खुद में सुधार कर सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here