नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराने के बाद भारत अब फाइनल में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। मेन इन ब्लू को इस मैदान से कुछ कड़वी यादें भी जुड़ी हैं। 2023 में शानदार प्रदर्शन के बावजूद भारतीय टीम को यहीं वर्ल्ड कप फाइनल में दिल तोड़ने वाली हार का सामना करना पड़ा था। वहीं टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी कुछ हफ्ते पहले सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका से मिली भारी हार के बाद टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई थी।
सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच में किस्मत बदलने की उम्मीद करेगी। भारत की तरह कीवी टीम का भी टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा है। ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका से और फिर सुपर 8 में इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने ईडन गार्डन में फिन एलन की 33 गेंदों में सेंचुरी की मदद से टूर्नामेंट में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। इससे साउथ अफ्रीका का काम तमाम हो गया।
कैसी है नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच?
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के मुफिद होने के लिए जानी जाती है और भारत-न्यूजीलैंड फाइनल में भी इसके ऐसे ही रहने की संभावना है। पिच काली और लाल मिट्टी दोनों से बनी है। काली मिट्टी के मुकाबले लाल मिट्टी ज्यादा है, जिससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने का मौका मिलेगा। लाल मिट्टी की सतह पर फ्री-फ्लोइंग स्ट्रोक प्ले और सही बाउंस मिलेगा, जिससे हाई स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा सकती है।

