IND vs NZ: पहले टेस्ट के बाद न्यूजीलैंड का बड़ा फैसला, दूसरे मुकाबले के लिए नए गेंदबाज की एंट्री

0

नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला वेलिंग्टन में खेला गया, जो ड्रॉ पर समाप्त हुआ। मैच खत्म होने के 24 घंटे के भीतर ही मेजबान न्यूजीलैंड ने अपने स्क्वाड में बदलाव कर दिया। बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मैथ्यू फिशर को टीम में शामिल किया गया है। फिशर ने हाल ही में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के 3 मुकाबलों में 6 विकेट हासिल किए थे।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाड अब बदल चुका है। हालांकि, टिकनर पहला टेस्ट नहीं खेले थे लेकिन अब बिना खेले ही उन्हें टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा है। मैट फिशर को दूसरे टेस्ट में मौका मिलता है या नहीं यह देखने वाली बात होगी।

मैथ्यू फिशर को वनडे सीरीज में भी बतौर रिप्लेसमेंट टीम में शामिल किया गया था। उन्होंने तीन मुकाबले खेले थे और 13.6 की औसत से 6 विकेट अपने नाम किए थे। वह वनडे सीरीज में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। अब क्राइस्टचर्च टेस्ट में उन्हें मौका मिलता है तो किसकी जगह मिलता है या बेंच पर ही बैठना पड़ता है, यह देखने वाली बात होगी।

दूसरे टेस्ट मैच के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाड

टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, विल यंग, हेनरी निकल्स, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), काइल जैमीसन, मिचेल सैंटनर, जैकब डफी, नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, मैथ्यू फिशर।

भारत की जीत के अरमानों पर मिचेल-फिलिप्स ने फेरा पानी

भारतीय टीम ने वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में पकड़ मजबूत कर ली थी। आखिरी दिन डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दोनों खिलाड़ियों ने 43 ओवर तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया जिससे भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट क्रिकेट मैच सोमवार (23 नवंबर) को ड्रॉ पर समाप्त हुआ। भारत ने न्यूजीलैंड के 368 रन के जवाब में अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 720 रन पर समाप्त घोषित करके 352 रन की बढ़त हासिल की थी। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड की टीम ने अंत तक 120 ओवर में 5 विकेट पर 239 रन बना लिए थे। डैरिल मिचेल 186 गेंद पर 49 रन बनाकर टिके रहे। वहीं ग्लेन फिलिप्स ने 126 गेंद खेलीं और नाबाद रहते हुए 26 रन बनाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here