IND vs NZ: ऋषभ पंत हुए चोटिल, ध्रुव जुरेल ने संभाली विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी

0

बंगलूरू: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बंगलूरू में खेला जा रहा है। भारतीय टीम के बल्लेबाज ऋषभ पंत विकेटकीपिंग करते वक्त गेंद लगने से चोटिल हो गए जिस कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। जडेजा की गेंद स्टंप्स से मिस होती हुई पंत के पैर में लगी और वह दर्द में दिखे। पंत के दाएं पैर में चोट लगी है। यह वही पैर है जिसमें कार दुर्घटना में उन्हें चोट लगी थी और इसकी वजह से वह डेढ़ साल क्रिकेट से दूर रहे थे।

यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 37वें ओवर की है। तब जडेजा गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की आखिरी गेंद पर डेवोन कॉनवे स्ट्राइक पर थे। जडेजा की गेंद कॉनवे से मिस हुई और सीधे जाकर विकेटकीपर पंत के दाएं घुटन पर जोर से लगी। इसके बाद ही पंत दर्द से कराहने लगे। रोहित ने जल्दी फीजियो को बुलाया और फीजियो ने उनकी मरहम पट्टी करने की कोशिश की। हालांकि, इससे पंत को राहत नहीं मिला। फिर फीजियो उन्हें मैदान से बाहर ले गए। तब पंत चलते हुए काफी दर्द में दिख रहे थे। इसके बाद बाउंड्री लाइन पर उनके लिए चेयर लगाया गया।

पंत लंगड़ाते हुए चलते दिखे। जहां पर गेंद लगी, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा कि उनके पुराने जख्म पर जाकर गेंद लगी है। मालूम हो कि दिसंबर 2022 में पंत जब कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थे उन्हें दाएं पैर में ही चोट लगी थी। पंत की कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। उनके दाएं घुटने के लिगामेंट फट गए थे। इसके बाद मुंबई में इसका ऑपरेशन हुआ था। डेढ़ साल बाद पंत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की थी और टी20 विश्व कप 2024 जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे थे। बीच मैच से पंत का बाहर जाना भारत के लिए अच्छी खबर नहीं है। हालांकि, उनकी चोट कितनी गंभीर है फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हुई है। पंत की जगह ध्रुव जुरेल मैदान पर उतरे हैं और विकेटकीपिंग का जिम्मा संभाल रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here