नई दिल्ली: 28 सितंबर 2025 की आधी रात, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत को खास बना दिया रिंकू सिंह ने, जिन्होंने फाइनल के आखिरी क्षणों में विजयी शॉट लगाकर मैच खत्म किया। दिलचस्प बात यह रही कि रिंकू पूरे टूर्नामेंट में बेंच पर बैठे रहे थे, लेकिन हार्दिक पंड्या की चोट के चलते उन्हें फाइनल में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। रिंकू ने मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए न सिर्फ मैदान में उतरने का सपना पूरा किया, बल्कि भारत को जीत दिलाकर सबका दिल भी जीत लिया।
भारत की इस ऐतिहासिक जीत में तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह ने अहम भूमिका निभाई। पहले गेंदबाज़ी में कुलदीप यादव ने कमाल करते हुए 4 विकेट चटकाए और पाकिस्तान की पारी को सिर्फ 19.1 ओवर में 146 रन पर समेट दिया। उनके साथ वरुण चक्रवर्ती और बुमराह ने भी कसी हुई गेंदबाज़ी की। इसके बाद बल्लेबाज़ी में तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम को संभाला और जीत तक पहुंचाया। उन्हें संजू सैमसन और शिवम दुबे का शानदार साथ मिला, जिससे भारत को फाइनल में एक यादगार जीत मिली।
इस जीत के साथ भारत ने 2017 में लंदन में चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान से मिली हार का बदला भी ले लिया। भारत की जीत इस लिहाज से भी खास है, क्योंकि उसने 20 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। भारत ने 30 से कम रन पर तीन विकेट गिरने के बाद चौथी बार पाकिस्तान को हराया है।
एशिया कप पर भारत का दबदबा, पिछले 5 में से 4 बार बना चैंपियन
भारत ने अब तक खेले गए पिछले पांच एशिया कप टूर्नामेंटों में से चार में जीत दर्ज की है और कुल मिलाकर नौ बार (सात एकदिवसीय और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय) एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। यह किसी भी टीम द्वारा हासिल की गई सबसे अधिक जीत है, जो भारत के एशियाई वर्चस्व को दर्शाता है। भारत का प्रदर्शन हाल के बहु-राष्ट्रीय टी20 टूर्नामेंटों में भी शानदार रहा है। 2023 के बाद से टीम इंडिया ने ऐसे 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और सभी में जीत हासिल की है। इनमें एशियाई खेल 2023 के दो मैच, टी20 विश्व कप 2024 के आठ मैच और एशिया कप 2025 के सात मैच शामिल हैं। यह भारत की निरंतरता और दबदबे का स्पष्ट प्रमाण है।
T20I में 30 से कम रन पर 3 विकेट गिरने के बाद कब-कब जीता भारत
- एशिया कप 2016: मीरपुर में पाकिस्तान के खिलाफ जीत (8/3, लक्ष्य: 84 रन)
- टी20 विश्व कप 2016: कोलकाता में पाकिस्तान के खिलाफ (23/3, लक्ष्य: 119 रन)
- टी20 विश्व कप 2022: मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ (26/3, लक्ष्य: 160 रन)
- एशिया कप 2025: दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ (20/3, लक्ष्य: 147 रन)
टूर्नामेंट फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीतें
- बेंसन एंड हेजेस कप (1984/85) फाइनल: मेलबर्न में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया।
- इंडिपेंडेंस कप 1997/98 (बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल्स): ढाका में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया।
- इंडिपेंडेंस कप 1997/98 (बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल्स): ढाका में पाकिस्तान को 3 विकेट से हराया।
- टी20 विश्व कप 2007 फाइनल: जोहान्सबर्ग में पाकिस्तान को 5 रन से हराया।
- एशिया कप 2025 फाइनल: दुबई में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया।
पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में लगातार जीत के साथ खिताबी जीत
- एशिया कप 2016 में भारत
- एशियाई खेल 2023 में भारत
- टी20 विश्व कप 2024 में भारत
- एशिया कप 2025 में भारत
भारत बनाम पाकिस्तान: फाइनल मुकाबले की बड़ी झलकियां
147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। पहले 5 ओवर में ही टीम इंडिया ने 20 रन के भीतर अपने 3 विकेट गंवा दिए। ओपनर अभिषेक शर्मा सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पाकिस्तान की ओर से नई गेंद संभालने वाले शाहीन शाह अफरीदी और फहीम अशरफ ने धीमी गेंदों की रणनीति अपनाई, जिसका उन्हें पूरा फायदा मिला। सूर्यकुमार यादव महज 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शुभमन गिल 12 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे। इन झटकों के बाद भारतीय डगआउट में तनाव का माहौल बन गया। लेकिन इसके बाद संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने पारी को संभालते हुए संयम दिखाया। संजू ने एक शानदार छक्का सैम अयूब की गेंद पर लगाया, लेकिन वे अबरार अहमद की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।
इसके बाद तिलक ने मोर्चा संभाला और 53 गेंद में नाबाद 69 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन (24) और शिवम दुबे (21 गेंद में 33 रन) ने उनका पूरा साथ दिया। तिलक वर्मा ने संजू सैमसन के साथ 57 और शिवम दुबे के साथ 64 रन की साझेदारी की। मैच का निर्णायक पल हारिस रऊफ का 15वां ओवर था, जिसमें भारतीय बल्लेबाजों ने 17 रन निकाले। सुपर 4 चरण में भारतीय प्रशंसकों को भड़काऊ इशारे करने वाले हारिस रऊफ ने 3.4 ओवर में 50 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला।


