IND vs PAK पर यू-टर्न के आसार, पाकिस्तान के रुख पर दिग्गज का बयान

0

नई दिल्ली : T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुचर्चित मुकाबले को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन का अहम बयान सामने आया है। अश्विन ने IND vs PAK मैच को लेकर दावा किया है कि पाकिस्तान जल्द ही भारत के खिलाफ मैच न खेलने के अपने फैसले पर यू-टर्न ले सकता है और 15 फरवरी को प्रस्तावित मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को T20 वर्ल्ड कप में भाग लेने की मंजूरी तो दे दी है, लेकिन भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति नहीं दी है। इसी कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार का रुख अपनाया है। हालांकि, ICC ने पाकिस्तान के इस रुख पर सवाल उठाते हुए साफ कर दिया है कि ऐसा करने से पाकिस्तान को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

भारत-पाक मैच पर बड़ा सवाल, क्या पाकिस्तान पीछे हटेगा?

भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर तनातनी ऐसे समय पर जारी है, जब हाई-वोल्टेज मुकाबले में महज 11 दिन का समय बचा है। इस बीच अश्विन को पूरा भरोसा है कि आने वाले चार-पांच दिनों में पाकिस्तान यू-टर्न ले लेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अश्विन ने कहा कि IND vs PAK मैच 100 प्रतिशत होगा। उन्हें लगता है कि पाकिस्तान चार-पांच दिन में अपना फैसला बदलेगा। अगर मैच नहीं होता है तो भारी आर्थिक नुकसान होगा। ब्रॉडकास्टर्स को बड़ा झटका लगेगा और इसका असर बाकी फुल मेंबर देशों पर भी पड़ेगा। ICC मीटिंग में सभी यही कहेंगे कि पाकिस्तान की वजह से नुकसान हो रहा है।

PSL खिलाड़ियों पर भी पड़ सकता है असर

अश्विन ने चेतावनी देते हुए कहा कि भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की स्थिति में पाकिस्तान को सिर्फ रेवेन्यू ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान सुपर लीग को लेकर भी गंभीर नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा कि ICC विदेशी खिलाड़ियों को मिलने वाले NOC रद्द कर सकता है, जिससे PSL की पूरी योजना पर असर पड़ सकता है।

मैच बहिष्कार पर सवाल, बहाने की गुंजाइश नहीं

अश्विन ने यह भी याद दिलाया कि T20 वर्ल्ड कप के लिए हाइब्रिड मॉडल पहले से ही तय है, जिसे ICC, PCB और BCCI तीनों की मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे में वेन्यू को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान का मुकाबला न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाना है, इसलिए स्थान को लेकर कोई समस्या नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अश्विन ने साफ तौर पर कहा कि किसी खास प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेलने से इनकार करना स्वीकार्य नहीं है और उन्हें उम्मीद है कि सभी पक्ष समझदारी से फैसला लेंगे, जिससे यह बहुप्रतीक्षित मैच जरूर होगा।

वॉर्म-अप मुकाबले में आज नजर आएगी पाकिस्तान टीम

गौरतलब है कि पाकिस्तान अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ सुबह 11 बजे करेगा। इससे पहले पाकिस्तान आज अपने इकलौते वॉर्म-अप मुकाबले में आयरलैंड से भिड़ेगा। यह अभ्यास मैच कोलंबो के सिंगलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जाएगा, जहां टीम अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here