नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला आज (6 दिसंबर) विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारत को जीत के लिए 271 रनों का लक्ष्य मिला है। भारत की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-4 विकेट अपने नाम किए।
यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए ‘करो या मरो’ जैसा है। जो भी टीम इसे जीतेगी, वही सीरीज अपने नाम कर लेगी। रांची में खेले गए पहले वनडे में भारत ने 17 रनों से शानदार जीत हासिल की थी, जबकि रायपुर वनडे में साउथ अफ्रीका ने वापसी करते हुए 4 विकेट से जीत दर्ज की थी।
साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पहले ही ओवर में उसने 1 रनों के स्कोर पर रयान रिकेल्टन का विकेट गंवा दिया, जो अर्शदीप सिंह की गेंद पर केएल राहुल के हाथों लपके गए. रिकेल्टन अपना खाता भी नहीं खोल पाए. इसके बाद क्विंटन डिकॉक और टेम्बा बावुमा ने 112 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला. बावुमा ने 5 चौके की मदद से 48 रन बनाए और उनका विकेट रवींद्र जडेजा ने लिया.
टेम्बा बावुमा के आउट होने के बाद मैथ्यू ब्रीट्जके और क्विंटन डिकॉक ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े. प्रसिद्ध कृष्णा ने एक ही ओवर में ब्रीट्जके (24 रन) और एडेन मार्करम (1 रन) को चलता किया. दो बैक टू बैक विकेट गिरने के बावजूद डिकॉक का आक्रामक रुख बरकरार रहा. डिकॉक ने 8 चौके और 6 छक्के की मदद से 80 बॉल पर शतक पूरा किया. डिकॉक के ओडीआई करियर का ये 23वां और भारत के खिलाफ सातवां शतक रहा.
क्विंटन डिकॉक का विकेट प्रसिद्ध कृष्णा ने लिया. डिकॉक ने 89 गेंदों पर 106 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. इसके बाद कुलदीप यादव का जलवा देखने को मिला. कुलदीप ने एक ही ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस (29 रन) और मार्को जानसेन (17 रन) को पवेलियन भेजा. फिर कुलदीप ने कॉर्बिन बॉश (9 रन) और लुंगी एनगिडी (1 रन) का भी विकेट लिया.
इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में एक बदलाव हुआ. वॉशिंगटन सुंदर की जगह तिलक वर्मा को मौका मिला. दूसरी ओर साउथ अफ्रीका ने दो परिवर्तन किए. नांद्गे बर्गर और टोनी डी जोरजी इंजरी के चलते चयन के लिए अनुपलब्ध थे. उनकी जगह क्रमश: तेज गेंदबाज ओटीनील बार्टमैन और बल्लेबाज रयान रिकेल्टन को मौका मिला.
तीसरे वनडे में भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा.
तीसरे वनडे में साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम, टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी और ओटनील बार्टमैन.
भारत-साउथ अफ्रीका (हेड टू हेड)
कुल ओडीआई मैच: 96
भारत ने जीते: 41
साउथ अफ्रीका ने जीते: 52
बेनतीजा: 3


