नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली वनडे सीरीज का इंतज़ार अब खत्म होने को है, क्योंकि 30 नवंबर रविवार से इस रोमांचक मुकाबले का आगाज होगा। तीन मैचों की इस सीरीज में एक बार फिर फैंस की निगाहें रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों पर टिकी रहेंगी। इस बार भारतीय टीम की कमान केएल राहुल के हाथों में सौंपी गई है, जबकि शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर चोट के चलते बाहर हैं। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रविंद्र जडेजा की वनडे टीम में वापसी भी इस सीरीज को खास बनाती है। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका की कप्तानी टेम्बा बावुमा के जिम्मे होगी, जिन्हें अपने टीम को 10 साल बाद भारत में वनडे सीरीज जीत दिलाने की चुनौती का सामना करना होगा।
IND vs SA वनडे: कब और कहाँ देखें लाइव मुकाबला?
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली वनडे सीरीज के सभी तीन मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे। टॉस दोपहर 1 बजे किया जाएगा। मुकाबलों का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलग-अलग चैनलों पर उपलब्ध रहेगा। वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इन खेलों की लाइव स्ट्रीमिंग जियोCinema और हॉटस्टार की ऐप व वेबसाइट के माध्यम से देखी जा सकेगी। मैचों से जुड़ी ताज़ा खबरें, लाइव स्कोर और हर अपडेट के लिए आप जनसत्ता.कॉम पर भी नज़र बनाए रख सकते हैं।
भारत-साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज का शेड्यूल
पहला वनडे- 30 नवंबर- रांची (मैच दोपहर 1.30 बजे शुरू होगा)
दूसरा वनडे- 3 दिसंबर- रायपुर (मैच दोपहर 1.30 बजे शुरू होगा)
तीसरा वनडे- 6 दिसंबर- विशाखापत्तनम (मैच दोपहर 1.30 बजे शुरू होगा)
मौसम और पिच का कैसा होगा मिज़ाज?
पहला वनडे मुकाबला रांची में खेला जाएगा और इस मैच में बारिश की संभावना बिल्कुल नहीं है। हालांकि, खेल के दौरान आकाश में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे तापमान सुबह 11-15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 20-24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा भी चलेगी, जिससे दोपहर के समय इसका असर कम महसूस होगा, लेकिन शाम के वक्त तेज गेंदबाजों को इससे लाभ मिलने की संभावना है।
रांची की पिच की स्थिति को देखें तो यहां आमतौर पर बहुत बड़े स्कोर देखने को नहीं मिले हैं और पिच अभी तक धीमी रही है। टॉस का यहां काफी अहम रोल होता है। पहले बैटिंग करने वाली टीम का औसत स्कोर लगभग 235 रन है। वहीं, पीछा करने वाली टीम ने यहां 9 में से 5 मुकाबलों में जीत हासिल की है, यानी टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय अक्सर फायदेमंद साबित हो सकता है।
दोनों टीमों के वनडे सीरीज के लिए स्क्वाड
भारत: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, केएल राहुल (कप्तान) (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल।
साउथ अफ्रीका: टेम्बा बावुमा (कप्तान), ओटनाइल बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोर्जी, रुबीन हरमैन, मार्को यानसेन, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, रियान रिकल्टन, प्रेनेलन सुब्रायन।


