नई दिल्ली: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत 14 नवंबर से होने वाली है। सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डन्स में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। अब खबर यह है कि दूसरे टेस्ट मैच के समय में बदलाव किया गया है। इतना ही नहीं, कुछ दिन पहले यह भी रिपोर्ट सामने आई थी कि इस मुकाबले में लंच और टी ब्रेक के समय में भी बदलाव किया जा सकता है।
आमतौर पर भारत में टेस्ट मैच की शुरुआत पहले सेशन में सुबह 9.30 बजे से होती है। मैच के पहले दिन टॉस सुबह 9 बजे होता है। लेकिन गुवाहाटी में मुकाबला इस समय से शुरू नहीं होगा। इस समय में बदलाव की जानकारी सामने आ रही है और इसको लेकर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की तरफ से बयान भी सामने आ रहा है। वहीं क्रिकबज और क्रिकइंफो के मुताबिक भी मैच का समय बदला हुआ दिख रहा है।
जानें, किस समय शुरू होगा भारत-साउथ अफ्रीका टेस्ट मैच
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच सीरीज का पहला मैच कोलकाता में पूर्व निर्धारित समय और कार्यक्रम के मुताबिक ही होगा। इस मैच में पहले दिन टॉस सुबह 9 बजे होगा और 9.30 बजे से खेल की शुरुआत होगी। इसके बाद 11.30 बजे दिन में पहले सत्र का खेल खत्म होगा और फिर लंच ब्रेक होगा। 12.10 से दोपहर 2.10 तक दूसरा सेशन होगा और फिर 2.30 बजे तक 20 मिनट का टी ब्रेक होगा। 2.30 बजे से आखिरी सेशन शुरू होगा और 4.30 या 5 तक दिन के खेल का अंत होगा।
दूसरे टेस्ट की टाइमिंग में हुआ बदलाव
अब गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच का समय बदल गया है। ईएसपीएन क्रिकइंफो ने बीसीसीआई सचिव सैकिया के हवाले से जानकारी देते हुए बताया कि गुवाहाटी उत्तर पूर्वीय भारत का हिस्सा है और सर्दियों में यहां सूरज जल्दी उगता और जल्दी अस्त हो जाता है। इस कारण मैच के समय में बदलाव किया गया है। यहां मैच तय समय से आधे घंटे पहले शुरू होने की जानकारी सामने आई है। यानी पहले दिन मैच का टॉस सुबह 8.30 बजे होगा और सभी दिन खेल की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी।
टेस्ट मैच टाइमिंग में बड़ा बदलाव, टी ब्रेक शिफ्ट हुआ आगे
गुवाहाटी में होने वाले टेस्ट मैच में एक और अहम बदलाव किया गया है — अब इस मैच में टी ब्रेक लंच से पहले लिया जाएगा। इस निर्णय के बारे में जानकारी देते हुए क्रिकइंफो ने देवजीत सैकिया के हवाले से बताया कि “यह एक व्यावहारिक फैसला है।” उन्होंने आगे समझाया कि पुराने नियम के अनुसार लंच ब्रेक का समय खिलाड़ियों के लिए थोड़ा जल्दी पड़ जाता था, जिससे खेल की लय पर असर पड़ता था। इसी वजह से बीसीसीआई को इस बदलाव की सिफारिश की गई और अब नया ब्रेक टाइमिंग शेड्यूल लागू किया गया है।
इसी बदलाव के तहत गुवाहाटी टेस्ट मैच में सेशनों का समय भी पुनः निर्धारित किया गया है। अब पहला सत्र सुबह 9 बजे से 11 बजे तक खेला जाएगा, जिसके बाद 20 मिनट का टी ब्रेक होगा। इसके बाद दूसरा सत्र 11:20 से दोपहर 1:20 बजे तक चलेगा। फिर खिलाड़ियों को 1:20 से 2:00 बजे तक लंच ब्रेक दिया जाएगा। इसके बाद तीसरा और अंतिम सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक खेला जाएगा। वहीं स्टंप्स का निर्धारित समय शाम 4 बजे रहेगा, हालांकि ओवर पूरे करने की स्थिति में यह समय थोड़ा आगे-पीछे भी हो सकता है।

