नई दिल्ली : भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त 2026 से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। सीरीज के पहले मुकाबले के लिए मेजबान श्रीलंका ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। गॉल में खेले जाने वाले इस टेस्ट में धनंजय डी सिल्वा टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि कमिंदु मेंडिस को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्रीलंका के इस स्क्वाड में तीन साल बाद एक खिलाड़ी की वापसी हुई है, वहीं एक खिलाड़ी को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
श्रीलंकाई टीम में तीन साल बाद निरोशन डिकवेला की वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। वहीं पहली बार इस टीम में बल्लेबाज पसिंदु सूरियाबंदारा का चयन हुआ है। पसिंदु का आगामी सीरीज में टेस्ट डेब्यू हो सकता है। उनके अलावा ऑफ स्पिनर केशारा नुवंता को भी पहली बार श्रीलंकाई टीम में चुना गया है। श्रीलंका की घोषित टीम में अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चंडीमल को भी जगह मिली है। मेजबान टीम ने यह स्क्वाड 15 अगस्त से गॉल में खेले जाने वाले पहले टेस्ट के लिए जारी किया है। वहीं 23 अगस्त से कोलंबो में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए भी टीम में कुछ बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। माना जा रहा है कि दूसरे टेस्ट के लिए श्रीलंकाई टीम का स्क्वाड पहले मुकाबले के बाद ही तय किया जाएगा।
गॉल टेस्ट के लिए श्रीलंका का पूरा स्क्वाड
धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लहिरु उदारा, निशान मधुष्का, कमिंदु मेंडिस (उपकप्तान), दिनेश चंडीमल, पसिंदु सूरियाबंदारा, सोनल दिनुषा, निरोशन डिकवला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशारा नुवंता, मिलन रथनायके, असिथा फर्नान्डो, लहिरु कुमारा, विश्वा फर्नान्डो, दिलशान मधुशंका।
पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुतार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।


