IND vs WI: क्या बारिश बिगाड़ेगी टीम इंडिया का गेम? जानें कोलकाता का वेदर अपडेट

0

नई दिल्ली : भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता में होने वाला सुपर 8 मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। इस मैच के बाद ग्रुप 1 से दूसरी सेमीफाइनलिस्ट टीम का फैसला हो जाएगा। यह एक तरह का नॉकआउट मैच है, जहां जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। हालांकि मुकाबले पर मौसम की भी नजर रहेगी, क्योंकि अगर बारिश खलल डालती है तो टीम इंडिया की राह मुश्किल हो सकती है और समीकरण बदल सकते हैं। ऐसे में फैंस की निगाहें सिर्फ खिलाड़ियों पर ही नहीं, बल्कि कोलकाता के मौसम पर भी टिकी होंगी।

कोलकाता में फिलहाल भारत और वेस्टइंडीज के बीच एक पूरा मैच देखने को मिलेगा इसकी संभावना जताई गई है। मैच के दिन रविवार को दिन और शाम किसी भी वक्त बारिश का अनुमान फिलहाल नहीं है, लेकिन कोलकाता में अचानक मौसम कभी भी बिगड़ जाता है। ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैंस चाहेंगे कि बारिश ना खेल बिगाड़े। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शाम 7 बजे मैच शुरू होने के वक्त आसमान साफ रहेगा। 17 प्रतिशत बादल छाए रहने की संभावना है। टॉस के वक्त तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। वहीं रात तक घटकर यह 24 डिग्री तक पहुंचेगा। दिन में धूप छाई रहेगी और तापमान भी 34 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। ऐसे में पिच पर नमी नहीं होगी और अच्छे से पिच सूखी हुई नजर आ सकती है।

ईडेन गार्डेन्स की पिच की बात करें तो बल्लेबाजों के अनुकूल पिच का मिजाज हो सकता है। यहां की सतह अक्सर बल्लेबाजों की मददगार रही है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी यह औसतन 8.59 के रनरेट से रन बने हैं। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। जबकि स्पिनर्स को शायद उतना खास टर्न इस पिच से नहीं मिलेगा। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में वेस्टइंडीज के कोच डैरेन सैमी ने कहा था कि पिच एकदम सूखी नजर आ रही है। इस मैदान पर मौजूदा वर्ल्ड कप में पांच में से चार मैच पहले खेलने वाली टीम ने जीते हैं। हालांकि, मौजूदा हालातों को देखते हुए टॉस जीतने वाले कप्तान चेजिंग की ओर जा सकते हैं। यानी पहले गेंदबाजी का फैसला टॉस जीतकर कप्तान ले सकते हैं।

ये हैं दोनों टीमों के स्क्वाड

भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, रिंकू सिंह।

वेस्टइंडीज: ब्रेंडन किंग, शाय होप (कप्तान/विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोस्टन चेज, शेरफेर रदरफोर्ड, रोवमैन पॉवेल, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुदाकेश मोती, शमार जोसेफ, रोमारियो शेफर्ड, जेडन सील्स, क्वेंटिन सैम्पसन, जॉनसन चार्ल्स।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here