नई दिल्ली: दूसरे मैच में शानदार रिकॉर्ड जीत से उत्साहित भारतीय महिला क्रिकेट टीम शनिवार, 20 सितंबर 2025 को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के निर्णायक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतर रही है। इस मुकाबले में टीम पहली बार वनडे श्रृंखला जीतकर आगामी विश्व कप से पहले अपनी उम्मीदों को और मजबूत करने का प्रयास करेगी। गौरतलब है कि अब तक भारतीय महिला टीम द्विपक्षीय वनडे श्रृंखला में विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को कभी नहीं हरा पाई है।
यदि वे घरेलू मैदान पर जीत दर्ज करने में सफल होती है, तो इससे उनके आत्मविश्वास में काफी बढ़ोतरी होगी, जो 30 सितंबर से शुरू होने वाले महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।
ऑस्ट्रेलिया को हराना हालांकि इतना आसान काम नहीं है। अगर भारत को इतिहास रचना है तो उसे खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। पहले मैच में बुरी तरह हारने के बाद हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे मैच में 102 रन से जीत हासिल की, जो रनों के लिहाज से ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हार थी। यह भारत की भी ऑस्ट्रेलिया पर 12 मैचों में पहली जीत थी।
खराब फील्डिंग भारत की बड़ी कमजोरी बनी हुई है
दूसरे मैच में हालांकि, भारतीय टीम की कुछ कमजोरियां भी उजागर हुई। इसमें खराब फील्डिंग भी शामिल है। दूसरे मैच में उन्होंने छह कैच छोड़े और इस तरह से भारतीय टीम दो मैच में 10 कैच छोड़ चुकी है। इनमें से अधिकतर कैच बहुत आसान थे। भारतीय टीम के प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है जो चिंता का विषय है। दूसरे मैच में हालांकि गेंदबाजों ने अच्छे मौके बनाए जो टीम के लिए सकारात्मक पहलू है।
हरमनप्रीत और हरलीन को करना होगा अच्छा प्रदर्शन
बल्लेबाजी में भारत का प्रदर्शन दोनों मैच में अच्छा रहा। विशेषकर सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना और प्रतीका रावल ने दोनों मैचों में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन मध्यक्रम की बैटर्स बड़ी साझेदारी निभाने में नाकाम रही हैं। स्मृति मंधाना ने पिछले मैच में शतक लगाया था। टीम को उनसे उसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। अब हरमनप्रीत, हरलीन देओल और ऋचा घोष जैसी खिलाड़ियों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा, विशेषकर तब जबकि जेमिमा रोड्रिग्स वायरल संक्रमण के कारण बाहर हो गई हैं।
वापसी के लिए बेताब होगा ऑस्ट्रेलिया
इस बीच ऑस्ट्रेलिया वापसी के लिए बेताब होगा। उसकी कप्तान एलिसा हीली ने स्वीकार किया कि दूसरे वनडे में उनकी टीम खेल के हर विभाग में नाकाम रही। आठ बार की विश्व चैंपियन टीम अपनी कमियों को दूर करने के साथ-साथ भारत की भीषण गर्मी से सामंजस्य बिठाने के लिए भी उत्सुक होगी। दूसरे मैच में हार ऑस्ट्रेलिया के लिए एक झटका थी। ऑस्ट्रेलियाई टीम फरवरी 2024 में दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद से 13 एकदिवसीय मैचों में अजेय थी। ऑस्ट्रेलिया की टीम विश्व कप से पहले अपने विजय अभियान पर लौटने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी, इसलिए भारतीय टीम को बेहद सतर्क होकर खेलना होगा।
भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला तीसरा वनडे, लाइव क्रिकेट स्ट्रीमिंग डिटेल्स
- भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरा वनडे कब होगा?
भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरा वनडे शनिवार 20 सितंबर 2025 को होगा। - भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरा वनडे कहां होगा?
भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरा वनडे नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। - भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरा वनडे किस समय शुरू होगा?
भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरा वनडे दोपहर 1:30 बजे भारतीय समयानुसार शुरू होगा। टॉस दोपहर 1:00 बजे भारतीय समयानुसार होगा। - भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरे वनडे का भारत में लाइव टेलीकास्ट कहां देखें?
भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरे वनडे का भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। - भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरे वनडे की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी?
भारत महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच तीसरे वनडे मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार प्लेटफॉर्म के साथ-साथ फैनकोड प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध होगी।


