गॉल। भारत-ए ने श्रीलंका-ए को दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में 10 विकेट से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को मुकाबले के चौथे और अंतिम दिन तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर मैच में कुल 10 विकेट झटके। पहली पारी में 168 रन बनाने वाले साई सुदर्शन ने दूसरी पारी में भी नाबाद 25 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था।

भारत-ए ने चौथे दिन 541/8 के स्कोर से आगे खेलते हुए 543/9 पर अपनी पहली पारी घोषित की। सारांश जैन 70 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि पहली पारी के आधार पर टीम को 177 रन की महत्वपूर्ण बढ़त मिली। जवाब में श्रीलंका-ए की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 9 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। गुरनूर बरार ने नई गेंद से शुरुआती झटके देकर मेजबान टीम पर दबाव बना दिया।
हालांकि अशेन बंडारा ने 87 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें भी गुरनूर बरार ने आउट कर दिया। इसके बाद श्रीलंका-ए की बल्लेबाजी लगातार बिखरती चली गई। गुरनूर ने दूसरी पारी में 68 रन देकर 6 विकेट लिए, जबकि पहली पारी में भी 4 विकेट हासिल किए थे। इस तरह उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट लेकर जीत के सबसे बड़े नायक बने। सारांश जैन ने भी दो विकेट अपने नाम किए।
भारत-ए को जीत के लिए केवल 33 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 6.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। साई सुदर्शन ने 22 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए, जबकि अमन मोखाडे 11 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले भारत-ए ने अफगानिस्तान-ए और श्रीलंका-ए के बीच खेली गई वनडे ट्राई सीरीज भी अपने नाम की थी। इस जीत के साथ भारत-ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज भी जीत ली।


