सीरीज़ में 2-0 की बढ़त के इरादे से उतरेगा भारत, रायपुर में दूसरा टी-20 आज

0

रायपुर: नागपुर में शानदार जीत के बाद भारतीय टीम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 में सीरीज़ में 2-0 की बढ़त लेने के इरादे से मैदान में उतरेगी। यह मुकाबला शुक्रवार को रायपुर में खेला जाएगा। पहले टी-20 में भारत ने 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर 48 रन से जीत दर्ज की थी, जिससे टीम का आत्मविश्वास चरम पर है।

भारत की बल्लेबाजी पहले मैच में पूरी तरह हावी रही। अभिषेक शर्मा की आक्रामक पारी ने मैच की दिशा तय कर दी, वहीं रिंकू सिंह, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या ने उपयोगी योगदान दिया। गेंदबाजी में भी भारतीय आक्रमण संतुलित नजर आया। चोट से उबर चुके तिलक वर्मा की वापसी से टीम और मजबूत हो सकती है। टी-20 विश्व कप से पहले यह आखिरी सीरीज़ है, ऐसे में टीम संयोजन और रणनीति को अंतिम रूप देने का यह अहम मौका है।

न्यूजीलैंड के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा होगा। नागपुर की हार के बाद कीवी टीम पर दबाव बढ़ गया है। उन्हें उस भारतीय टीम को हराना होगा, जिसने हाल के वर्षों में लगातार टी-20 सीरीज़ और टूर्नामेंट जीते हैं। हालांकि, हालिया टेस्ट और वनडे सीरीज़ में भारत को हराने का आत्मविश्वास उनके साथ है। रायपुर में सभी की निगाहें एक बार फिर अभिषेक शर्मा पर रहेंगी, जबकि न्यूजीलैंड को मिचेल सैंटनर से बेहतर रणनीति और अनुशासित गेंदबाजी की उम्मीद होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here