भारत-पाकिस्तान से सेमीफाइनल तय, नॉकआउट में टीम इंडिया का मुकाबला किससे होगा? समझें पूरा गणित

0

नई दिल्ली: इंडिया ए और पाकिस्तान ए ने दोहा में चल रहे एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। बता दें कि ग्रुप बी में इंडिया ए, पाकिस्तान ए, ओमान और यूएई की टीमें शामिल थीं। इस ग्रुप से ओमान और यूएई की यात्रा यहीं समाप्त हो गई, जबकि पाकिस्तान ने अंक तालिका में शीर्ष पर रहकर और इंडिया ए ने दूसरे स्थान पर रहते हुए अंतिम-4 का टिकट हासिल किया। अब बड़ा सवाल यह है कि नॉकआउट मुकाबले में भारत का सामना किस टीम से होगा?

दरअसल भारतीय टीम ग्रुप बी की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। वहीं सेमीफाइनल में ग्रुप बी के दूसरे स्थान की टीम ग्रुप ए की पहली और ग्रुप बी की नंबर एक की टीम ग्रुप ए की दूसरे नंबर वाली टीम से भिड़ेगी। ग्रुप बी से भारत और पाकिस्तान का सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो चुका है, लेकिन अभी ग्रुप ए में सेमीफाइनल की जंग जारी है।

ग्रुप ए का सेमीफाइनल समीकरण क्या है?

ग्रुप ए की बात करें तो बांग्लादेश ए टीम दो मैच खेलकर दोनों मुकाबले जीत चुकी है। चार अंकों के साथ वह पहले स्थान पर है और उसका नेट रनरेट +4.079 है, जो इस ग्रुप में सबसे बेहतर है। दूसरे स्थान पर श्रीलंका ए है, जिसका नेट रनरेट +1.384 है। श्रीलंका ए ने भी दो मैच खेले हैं, जिसमें उसे एक जीत और एक हार मिली है। वहीं अफगानिस्तान ए ने दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ दो अंक अर्जित किए हैं, लेकिन -1.182 नेट रनरेट के कारण वह तीसरे स्थान पर है।

अब बांग्लादेश ए और श्रीलंका ए के बीच बुधवार 19 नवंबर को होने वाले मैच में अगर बांग्लादेश जीती तो उसकी एंट्री सेमीफाइनल में पक्की हो जाएगी। वहीं अगर श्रीलंका ए जीती तो उसके बांग्लादेश की टीम के बराबर 4-4 अंक हो जाएंगे। ऐसे में भी टीम सेमीफाइनल के लिए टॉप पर रहते हुए क्वालिफाई कर सकती है क्योंकि उसके नेट रनरेट को पार करने के लिए श्रीलंका को असंभव जैसी जीत दर्ज करनी होगी वो भी बड़े मार्जिन से।

सेमीफाइनल में किससे भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान?

दूसरी ओर, अफगानिस्तान ए का अंतिम मुकाबला हॉन्गकॉन्ग से है और यदि वह यह मैच जीतती है, तो उसके भी चार अंक हो जाएंगे। लेकिन उसका नेट रनरेट फिलहाल माइनस में है, इसलिए उसे क्वालिफिकेशन की उम्मीदें बनाए रखने के लिए बहुत बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी। यदि अफगानिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश—तीनों टीमों के 4-4 अंक हो जाते हैं, तो नेट रनरेट बेहतर होने के कारण बांग्लादेश और श्रीलंका के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना सबसे अधिक रहेगी।

इस स्थिति में भारत का मुकाबला ग्रुप ए में शीर्ष पर रहने वाली बांग्लादेश ए से हो सकता है, जबकि पाकिस्तान ए का सामना श्रीलंका ए या अफगानिस्तान ए में से किसी एक टीम से होने की संभावना है। यदि भारत ए और पाकिस्तान ए अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीत लेते हैं, तो फाइनल में दोनों टीमों के बीच एक हाई-वोल्टेज टक्कर देखने को मिल सकती है। इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 23 नवंबर को खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here