नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने जा रही है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला किया है। पाकिस्तान सरकार ने अपनी मेंस क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ खेलने की अनुमति नहीं दी है। इसी बीच 15 फरवरी को ही भारत और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीमों के बीच भी मैच खेला जाना है। हालांकि, पाकिस्तान के मेंस टीम के बहिष्कार के फैसले का असर महिला क्रिकेट मुकाबले पर नहीं पड़ा है और यह मैच अपने तय शेड्यूल के अनुसार खेला जाएगा।
13 फरवरी से एसीसी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट की शुरुआत हो रही है। इस टूर्नामेंट में भी इंडिया ए और पाकिस्तान ए महिला टीमों के बीच मैच खेला जाना है। पाकिस्तान महिला A टीम राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत महिला A से 15 फरवरी को भिड़ने के लिए तैयार है। ये मुकाबला बैंकॉक में खेला जाएगा। दरअसल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस टूर्नामेंट के लिए अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। जिस दिन पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप में IND vs PAK मैच को बॉयकॉट करने का फैसला किया था, उसी दिन इस एशिया कप के लिए भी स्क्वॉड का ऐलान हुआ था। लेकिन उन्होंने महिला क्रिकेट टीम के मैच कोई बहिष्कार करने का निर्देश नहीं दिया है।
राइजिंग स्टार्स महिला एशिया कप टी20 टूर्नामेंट का आयोजन थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले की टाइमिंग पर नजर डालें तो यह मैच मेंस टी20 वर्ल्ड कप के भारत-पाकिस्तान मैच से पहले खेला जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 15 फरवरी को शाम 7 बजे शुरू होना था, जबकि राइजिंग स्टार्स महिला एशिया कप टी20 में भारत-ए और पाकिस्तान-ए के बीच मैच भारतीय समयानुसार 15 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे से खेला जाएगा।
वहीं बीसीसीआई ने भी महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स के लिए स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस टूर्नामेंट के लिए राधा यादव को टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं अनुष्का शर्मा को उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिए टीम में शामिल किया गया है। टूर्नामेंट का पहला एडिशन 13 से 22 फरवरी के बीच खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ग्रुप स्टेज में यूएई (13 फरवरी), पाकिस्तान ए (15 फरवरी) और नेपाल (17 फरवरी) का सामना करेगी।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स के लिए भारतीय महिला टीम का स्क्वॉड
हुमैरा काजी, वृंदा दिनेश, अनुष्का शर्मा, दीया यादव, तेजल हसब्निस, नंदनी कश्यप (विकेटकीपर), ममता एम (विकेटकीपर), राधा यादव (कप्तान), सोनिया मेंढिया, मिन्नू मणि, तनुजा कंवर, प्रेमा रावत, साइमा ठाकोर, जिन्तामणि कलिता, नंदिनी शर्मा।

