नई दिल्ली : श्रीलंका में खेले जा रहे ट्राई नेशन ए वनडे सीरीज 2026 के दूसरे मुकाबले में इंडिया ए क्रिकेट टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान ए क्रिकेट टीम के खिलाफ 49 ओवर में 9 विकेट पर 349 रन बनाए और जीत के लिए 350 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। इस बड़े स्कोर तक पहुंचाने में टीम के तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर अहम भूमिका निभाई। वहीं वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे ने भी तेज गति से रन बनाकर पारी को मजबूत गति दी, जिससे इंडिया ए एक मजबूत स्थिति में पहुंच सका।
तीन बल्लेबाजों के अर्धशतक से चमकी इंडिया ए की पारी
अफगानिस्तान के खिलाफ इंडिया ए की बल्लेबाजी काफी अच्छी रही। टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने अहम पारी खेली और उन्होंने 73 गेंदों पर 5 चौकों के साथ 66 रन बनाए जबकि ओपनर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 69 गेंदोें पर 14 चौकों के साथ 84 रन की शानदार पारी खेली। प्रभसिमरन इस मैच में भारत के बेस्ट स्कोरर भी रहे। तो वहीं ऋतुराज गायकवाड़ का भी बल्ला इस मैच में चला और उनके बल्ले से 80 गेंदों पर 66 रन निकले।
इस मैच में वैभव बेशक 44 रन के स्कोर पर आउट हो गए, लेकिन वो इंडिया ए को तेज शुरुआत दिलाने में पूरी तरह से कामयाब रहे। वैभव ने ये रन 22 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से बनाए। वैभव ने पहले विकेट के लिए प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर 74 रन की मजबूत साझेदारी भी की। प्रियांश आर्या नहीं चल पाए और वो 8 रन पर आउट हुए जबकि आयुष बदोनी खाता भी नहीं खोल पाए। सूर्यांश शेडगे ने आखिरी पलों में 27 गेंदों पर 2 छक्के और 2 चौकों की मदद से 40 रन की तेज पारी खेली।
5 विकेट के साथ अब्दुल्ला अहमदजई बने मैच के हीरो
अफगानिस्तान ए के लिए इस मुकाबले में अब्दुल्ला अहमदजई ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा 5 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 9 ओवर में 68 रन देकर ये विकेट हासिल किए और भारतीय बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। अहमदजई ने इंडिया ए के जिन बल्लेबाजों को आउट किया उनमें वैभव सूर्यवंशी, प्रियांश आर्या, तिलक वर्मा, सूर्यांश शेडगे और अरशद खान शामिल रहे। वहीं फरमानुल्लाह साफी ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए इंडिया ए के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा और अपनी टीम के लिए अहम योगदान दिया।


