31.6 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

वर्ल्ड कप में भारत का धमाकेदार प्रदर्शन, बांग्लादेश को करारी शिकस्त, 22 रन में गिरे 7 विकेट, इस खिलाड़ी ने लूटी महफिल

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम का ICC मेन्स अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। टीम इंडिया ने एक बेहद रोमांचक और बारिश से प्रभावित मुकाबले में बांग्लादेश को 18 रनों से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए अगले राउंड में पहुंचने की अपनी दावेदारी को और मजबूत कर लिया है।

मैच के दौरान बारिश के कारण खेल को कई बार रोका गया, जिसके चलते बांग्लादेश को DLS नियम के तहत 165 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। हालांकि, भारतीय टीम की अनुशासित और कसी हुई गेंदबाजी के सामने बांग्लादेश के बल्लेबाज टिक नहीं सके और पूरी टीम लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही लड़खड़ा गई। यह जीत भारतीय अंडर-19 टीम के आत्मविश्वास और संतुलित प्रदर्शन का बेहतरीन उदाहरण रही।

बांग्लादेश के आखिरी 7 विकेट महज 22 रन के अंदर गिरे। एक समय बांग्लादेश का स्कोर 124 रन पर 4 विकेट था और फिर पूरी टीम कुछ देर बाद महज 146 रनों पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से विहान मल्होत्रा ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया। विहान ने महज 4 ओवर में 14 रन देकर 4 बल्लेबाजों का शिकार किया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 238 रन पर सिमट गई। मुश्किल हालात में अभिज्ञान कुंडू और वैभव सूर्यवंशी ने जिम्मेदारी संभाली और अर्धशतक जड़ते हुए टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, बांग्लादेश के तेज गेंदबाज अल फहाद ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और पांच विकेट झटककर भारतीय बल्लेबाजों को खासा परेशान किया।

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, जिसे उसके गेंदबाजों ने सही साबित किया। लगातार सधी हुई लाइन-लेंथ और दबाव भरी गेंदबाजी के चलते भारतीय बल्लेबाज खुलकर शॉट खेलने में नाकाम रहे। तेजतर्रार सलामी बल्लेबाज माने जाने वाले वैभव सूर्यवंशी भी अपनी तूफानी स्टाइल बैटिंग करते नजर नहीं आए। उन्होंने परिस्थितियों के हिसाब से बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में 72 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर अभिज्ञान कुंडू ने शानदार संयम दिखाया और मिले दो जीवनदानों का पूरा फायदा उठाते हुए 112 गेंदों पर 80 रन की अहम पारी खेली। उनकी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे।

बारिश के कारण मुकाबले में करीब 65 मिनट का खेल बाधित हुआ, जिसके बाद मैच को 49-49 ओवर प्रति टीम कर दिया गया। बदली हुई परिस्थितियों में भी बांग्लादेश के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाते रहे।

बांग्लादेश की ओर से अल फहाद सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 9.2 ओवर में 38 रन देकर 5 विकेट झटकते हुए भारतीय पारी को 238 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles