नई दिल्ली. आईसीसी की ताज़ा टी-20 वीकली रैंकिंग में भारत ने इतिहास रच दिया। टीम रैंकिंग के साथ-साथ बैटर, बॉलर और ऑलराउंडर तीनों कैटेगरी में भी भारतीय खिलाड़ी टॉप पर पहुंच गए हैं। यह पहली बार है जब किसी एक टीम और उसके खिलाड़ी एक ही फॉर्मेट की सभी चारों कैटेगरी में नंबर-1 पर हैं।
वरुण चक्रवर्ती बने नंबर-1 बॉलर
34 साल के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन के दम पर टी-20 बॉलिंग रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया। वे जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई के बाद नंबर-1 बॉलर बनने वाले तीसरे भारतीय हैं। एशिया कप में उन्होंने शानदार गेंदबाज़ी की है। यूएई के खिलाफ उन्होंने दो ओवर में सिर्फ 4 रन देकर 1 विकेट लिया, वहीं पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने 24 रन देकर 1 विकेट चटकाया। रैंकिंग में उन्होंने न्यूजीलैंड के जैकब डफी को पीछे छोड़ा।
बैटिंग में अभिषेक शर्मा का जलवा
युवा बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा अपने करियर की बेस्ट रेटिंग के साथ बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में टॉप पर हैं। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ 31 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड के फिल सॉल्ट दूसरे और जोस बटलर तीसरे नंबर पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस 11वें और एडेन मार्करम 30वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
ऑलराउंडर्स में हार्दिक पंड्या नंबर-1
भारतीय स्टार हार्दिक पंड्या ऑलराउंडर्स की टी-20 रैंकिंग में पहले नंबर पर बने हुए हैं। पाकिस्तान के सईम अयूब चार स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें और भारत के ही अभिषेक शर्मा 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। यह भारतीय टीम के लिए बड़ी उपलब्धि है कि तीनों विभागों में उनके खिलाड़ी सबसे आगे हैं।


