नई दिल्ली : एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार आगाज करते हुए अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश को 13-0 से करारी शिकस्त दी। भारत की इस बड़ी जीत में दिलप्रीत सिंह और मंदीप सिंह ने हैट्रिक लगाते हुए 3-3 गोल दागे। वहीं कप्तान हरमनप्रीत सिंह और हार्दिक सिंह ने 2-2 गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। इसके अलावा निलाकांता शर्मा, शिलानंद लाकरा, अभिषेक और जुगराज सिंह ने 1-1 गोल का योगदान दिया।
भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में आक्रामक खेल दिखाते हुए बांग्लादेश को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 13-0 से हराते हुए बेहतरीन शुरुआत की है और अंकतालिका में 3 अंक और 13 गोल डिफ्रेंस के साथ टॉप पर पहुंच गई है। मंदीप सिंह को हैट्रिक लगाने के लिए हीरो ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। अब भारतीय हॉकी टीम अपना अगला मुकाबला 29 अक्टूबर को चीन के खिलाफ खेलेगी।
भारत के लिए इस मैच में गोल करने वाले खिलाड़ी
हरमनप्रीत सिंह: 2′, 44′
मंदीप सिंह: 3′, 10′, 54′
शिलानंद लाकरा: 15′
अभिषेक: 18′
नीलाकांता शर्मा: 26′
दिलप्रीत सिंह: 43′, 44′
जुगराज सिंह: 46′
हार्दिक सिंह: 60′, 60′
नीलाकांता शर्मा का बड़ा फैसला, हॉकी से संन्यास की घोषणा
इस मैच के बाद भारत की मौजूदा टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक नीलाकांता शर्मा ने संन्यास की भी घोषणा कर दी। भारत के लिए 100 से ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले दिग्गज हॉकी खिलाड़ी ने कहा यह उनका आखिरी टूर्नामेंट है। वहीं उन्होंने पंजाब में हो रहे इस टूर्नामेंट के लिए आयोजनकर्ताओं की तारीफ की, साथ ही अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया।
मलेशिया और जापान का भी जीत से आगाज
एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता मलेशिया ने टूर्नामेंट के अपने शुरुआती राउंड-रॉबिन मैच में जीत दर्ज करते हुए रोमांचक मुकाबले में चीन को 5-4 से हराया, जबकि जापान ने कोरिया को 3-2 से शिकस्त दी। मलेशिया अपने अगले राउंड-रॉबिन मुकाबले में गुरुवार को कोरिया से भिड़ेगा, जबकि जापान का सामना बांग्लादेश से होगा।


