नई दिल्ली : स्टार गोलकीपर और पूर्व कप्तान सविता पूनिया अर्जेंटीना के खिलाफ सोमवार से शुरू होने वाली चार मैचों की सीरीज के साथ करीब 10 महीने बाद भारतीय महिला हॉकी टीम में वापसी करने जा रही हैं। निजी कारणों से जून 2025 के बाद से वह किसी भी प्रतियोगिता में नहीं खेली थीं, लेकिन अब उनकी वापसी से टीम को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। हालांकि, टीम को एक झटका भी लगा है, क्योंकि मौजूदा कप्तान सलीमा टेटे अस्वस्थ होने के चलते इस दौरे से बाहर हो गई हैं। मिडफील्डर सलीमा फिलहाल ‘चिकन पॉक्स’ से उबर रही हैं, जिसके कारण वह इस सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगी।
यह दौरा भारत के लिए एफआईएच नेशंस कप, बेल्जियम और नीदरलैंड में इस साल होने वाले एफआईएच हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों को देखते हुए बेहद महत्वपूर्ण है। भारतीय महिला टीम गुरुवार शाम को अर्जेंटीना के लिए रवाना हुई। इससे पहले उसने बेंगलुरु में अभ्यास शिविर में भाग लिया था। हैदराबाद में विश्व कप क्वालीफायर 2026 में उपविजेता रहने वाली भारतीय टीम अपनी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
सलीमा की अनुपस्थिति में अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर इस दौरे में टीम की कप्तानी संभालेंगी। नवनीत ने हाल ही में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर प्लेयर ऑफ द ईयर पुरस्कार हासिल किया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया की वापसी से टीम को काफी मजबूती मिलेगी। बिचु देवी खारिबाम उनके साथ गोलकीपिंग की जिम्मेदारी निभाएंगी। हाल ही में अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली निक्की प्रधान और अनुभवी सुशीला चानू रक्षापंक्ति की कमान संभालेंगी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने इस दौरे के बारे में कहा, ‘हम 23 खिलाड़ियों के साथ यहां आए हैं और सभी को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। हम इस दौरे का उपयोग विभिन्न टीम संयोजन को आजमाने और जीत हासिल करने के तरीके खोजने के लिए करेंगे। मैं विश्व की दूसरे नंबर की टीम के खिलाफ व्यक्तिगत और टीम के प्रदर्शन को देखने के लिए उत्सुक हूं।’
भारतीय टीम की रक्षापंक्ति में इशिका चौधरी, मनीषा चौहान, ज्योति और उदिता जैसी खिलाड़ी शामिल हैं, जो डिफेंस को मजबूती देने का काम करेंगी। वहीं सीनियर टीम में चयन के बाद लालथंतलुआंगी को भी अपने कौशल को दिखाने का शानदार मौका मिलेगा। कप्तान सलीमा टेटे के बाहर होने से मिडफील्ड की जिम्मेदारी अब नेहा, वैष्णवी विट्ठल फाल्के और सुनेलिता टोप्पो पर होगी। इसके अलावा साक्षी राणा, रुतुजा दादासो पिसल, इशिका और दीपिका सोरेंग जैसी खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने और टीम में जगह पक्की करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। अग्रिम पंक्ति में बलजीत कौर, दीपिका और ब्यूटी डुंगडुंग पर गोल करने की जिम्मेदारी होगी। साथ ही मुमताज खान की वापसी से टीम की अटैकिंग ताकत और बढ़ गई है, जिससे भारत की गोल करने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं।


