भारत-पाकिस्तान मैच का समय बदला, वैभव सूर्यवंशी और जितेश शर्मा पर होगी नजर

0

नई दिल्ली: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के अपने दूसरे मुकाबले में इंडिया ए की टीम पाकिस्तान ए के सामने उतरेगी। यह मुकाबला दोहा के वेस्ट एंड पार्क में आयोजित किया जाएगा और रविवार, 16 नवंबर को खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट फैन्स के लिए एक अहम अपडेट यह है कि भारत ए और यूएई के बीच पहला मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे शुरू हुआ था, लेकिन इंडिया ए और पाकिस्तान ए का मैच उसी समय नहीं खेला जाएगा और इसे अलग समय पर आयोजित किया जाएगा।

इंडिया ए बनाम पाकिस्तान ए: मैच कितने बजे होगा शुरू?

इंडिया ए और पाकिस्तान ए के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा। वहीं, दिन का पहला मैच रविवार को दोपहर 3 बजे (IST) से ओमान और यूएई के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम ग्रुप बी में पाकिस्तान ए, ओमान और यूएई के साथ मौजूद है। पहले मैच में यूएई को 148 रन से विशाल जीत कर भारतीय टीम अंक तालिका में टॉप पर है।

ग्रुप बी के पहले मैच में ओमान को पाकिस्तान ए ने मात दी थी। पाकिस्तान की टीम ग्रुप बी की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। इस टूर्नामेंट के लीग स्टेज में सभी टीमें तीन-तीन मैच खेलेंगी। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। 23 नवंबर को इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के सभी मैच दोहा में ही खेले जा रहे हैं। इसका लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जा रहा है। साथ ही ओटीटी पर लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड और सोनी लिव ऐप पर हो रही है।

वैभव सूर्यवंशी और जितेश शर्मा पर टिकी रहेंगी नजरें

इंडिया ए के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने पहले मैच में यूएई के खिलाफ केवल 42 गेंदों में 144 रन की धमाकेदार पारी खेलकर विरोधी टीम में दहशत पैदा कर दी थी। वहीं, कप्तान जितेश शर्मा ने भी 32 गेंदों में 83 रन की बेहतरीन पारी खेली। अब दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ इन दोनों खिलाड़ियों पर सभी की नजरें टिकी होंगी। अगर इंडिया ए पाकिस्तान को हराने में सफल रहती है, तो टीम लगभग पक्की तौर पर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर लेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here