नई दिल्ली : सात बार की चैंपियन भारतीय टीम की नजरें रविवार को श्रीलंका के खिलाफ महिला टी20 एशिया कप फाइनल जीतकर आठवीं बार खिताब अपने नाम करने पर होंगी। खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया के लिए शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा की भूमिका अहम रहने वाली है। शेफाली टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं और दो अर्धशतक समेत 168 रन बनाकर भारत की सबसे सफल बल्लेबाज बनी हुई हैं। वह टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी हैं। धीमी और स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर भी शेफाली ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की है।
महिला एशिया कप में भारत का जलवा
मंधाना और शेफाली का बल्ला मचा रहा धमाल, फाइनल में भी बड़ी उम्मीदें
हार से दूर रहीं दोनों टीमें, अब ट्रॉफी के लिए होगी जोरदार भिड़ंत
दोनों टीमें फाइनल तक के सफर में अपराजेय रही हैं और पिछली बार 2024 में भारत को श्रीलंका ने ही फाइनल में आठ विकेट से हराया था। अटापट्टू की टीम ने भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और पाकिस्तान के खिलाफ जुझारूपन दिखाते हुए सेमीफाइनल में जीत दर्ज की। पहले दो ओवर में पांच रन पर दो विकेट और सातवें ओवर में 33 रन पर चार विकेट निकल जाने के बावजूद श्रीलंका ने 131 रन का लक्ष्य हासिल किया।
हर्षिता समरविक्रमा ने सर्वाधिक 36 रन बनाए. जबकि कविषा दिलहारी ने 33 रन का योगदान दिया। नीलाक्षिका सिल्वा और कौशिनी नुथ्यांगना ने फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाई। दो साल पहले दाम्बुला में हर्षिता और अटापट्टू ने मिलकर भारत को फाइनल में जीत दर्ज करने से रोका था। दोनों ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर लक्ष्य हासिल किया था। उस टीम के अधिकांश खिलाड़ी एक बार फिर फाइनल में होंगे और हरमनप्रीत कौर की टीम उन गलतियों को दोहराने से बचना चाहेगी।


