भोपाल में दिखेगा हॉकी का रोमांच, बरखेड़ा नाथू के नए स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया की जूनियर टीमें होंगी आमने-सामने

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। नवाबों के शहर और भारतीय हॉकी की नर्सरी कहे जाने वाले भोपाल में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी का उत्साह लौटने वाला है। शुक्रवार, 15 मई से भोपाल के उद्धव दास मेहता (भाई जी) साई क्षेत्रीय केंद्र में भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 पुरुष एवं महिला टीमों के बीच चार मैचों की द्विपक्षीय सीरीज शुरू होने जा रही है। यह सीरीज जापान के काकामिगाहारा में 29 मई से होने वाले अंडर-18 एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीमों की तैयारियों का मुख्य हिस्सा है। वहीं अपरिहार्य परिस्थितियों के चलते आयोजकों ने सीरीज के उन सभी मुकाबलों का स्थान बदल दिया है, जो शाम 7:00 बजे खेले जाने वाले थे। अब ये सभी मैच साई सेंटर के बजाय इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरखेड़ा में आयोजित किए जाएंगे।

वेन्यू के साथ समय में भी फेरबदल

स्थान परिवर्तन के साथ-साथ मैचों के समय में भी एक छोटा संशोधन किया गया है। आगामी 18 मई 2026 को होने वाला भारतीय महिला टीम का मुकाबला, जो पहले शाम 7:00 बजे शुरू होना था, अब आधा घंटा देरी से यानी शाम 7:30 बजे शुरू होगा। यह मैच भी बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ही खेला जाएगा।

पूर्व कप्तानों की देखरेख में निखर रही प्रतिभा

खास बात यह है कि भारतीय युवा ब्रिगेड को देश के दो महान कप्तानों का मार्गदर्शन मिल रहा है। पुरुष टीम को पूर्व कप्तान सरदार सिंह और महिला टीम को पूर्व कप्तान रानी प्रशिक्षण दे रही हैं। पिछले एक महीने से साई भोपाल में चल रहे नेशनल कैंप में खिलाड़ियों ने तकनीकी बारीकियों और फिटनेस पर कड़ी मेहनत की है। सरदार सिंह का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह सीरीज युवाओं के बुनियादी कौशल को परखने का बेहतरीन मंच साबित होगी।

पहली बार मिल रहा ऐसा अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर

महिला टीम की कोच रानी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि अंडर-18 आयु वर्ग में ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम के साथ खेलना लड़कियों के लिए बहुत बड़ा मौका है। यह न केवल उनके खेल को सुधारेगा, बल्कि टीम के रूप में एकजुट होकर देश का प्रतिनिधित्व करने के उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया के कोच डैन मिचेल और मैट कुक ने भी भारतीय शैली की हॉकी की प्रशंसा करते हुए इसे अपनी टीमों के लिए एक कड़ी चुनौती बताया।

मुकाबलों का समय (भारतीय समयानुसार)

पुरुष टीम: पहला मैच 15 मई (शाम 5:00 बजे), दूसरा 17 मई (शाम 7:00 बजे), तीसरा 18 मई (शाम 5:00 बजे) और अंतिम मैच 20 मई (सुबह 10:00 बजे)।

महिला टीम: पहला मैच 15 मई (शाम 7:00 बजे), दूसरा 17 मई (शाम 5:00 बजे), तीसरा 18 मई (शाम 7:00 बजे) और अंतिम मैच 20 मई (सुबह 8:00 बजे)।

ये  मैच होंगे बरखेड़ा में

15 मई (महिला टीम): शाम 7:00 बजे – अब बरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में।

17 मई (पुरुष टीम): शाम 7:00 बजे – अब बरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में।

18 मई (महिला टीम): अब शाम 7:30 बजे (संशोधित समय) – बरखेड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में।

एशिया कप के लिए बढ़ेगा मनोबल

हाल ही में संपन्न सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के आधार पर चुने गए इन खिलाड़ियों के लिए यह सीरीज ‘अग्निपरीक्षा’ की तरह है। यदि भारतीय टीमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल दिखाने में सफल रहती हैं, तो जापान में होने वाले आगामी एशिया कप के लिए खिलाड़ियों का मनोबल काफी ऊंचा रहेगा। खेल प्रेमियों के लिए भोपाल के साई सेंटर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी देखने का यह एक सुनहरा अवसर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here