नई दिल्ली: इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। इंग्लैंड ने प्लेइंग-11 की घोषणा पहले ही कर दी थी। वहीं, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी कहा कि वह टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। गिल ने कहा कि सुदर्शन डेब्यू कर रहे हैं। करुण की वापसी हुई है और तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाज खेल रहे हैं। शार्दुल ऑलराउंडर की भूमिका निभाते दिखेंगे।
सुदर्शन का डेब्यू
साई सुदर्शन का डेब्यू होने जा रहा है। उन्हें दिग्गज चेतेश्वर पुजारा ने टेस्ट कैप दी। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 49 मैचों में करीब 39 की औसत से 1957 रन बनाए थे। सुदर्शन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
पहला टेस्ट
नया कप्तान, दृढ़ निश्चयी कोच, कुछ पुराने और कुछ नए चेहरे अगले 45 दिनों में एक दिलचस्प कहानी गढ़ने के लिए प्रतिबद्ध होंगे जब भारत शुक्रवार से एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जाने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड से भिड़ेगा। भारत अभी तक इंग्लैंड में केवल तीन बार टेस्ट सीरीज जीत पाया है। उसने 1971 में अजीत वाडेकर, 1986 में कपिल देव और 2007 में राहुल द्रविड़ की अगुवाई में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब शुभमन गिल इस सूची में अपना नाम लिखवाने के लिए बेताब होंगे। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 पर शुरू होगा।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इंग्लैंड: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्राइडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।

