नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 का मैच खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 175 रन ठोक दिए हैं। अब अगर पाकिस्तान को ये जीतना है तो 176 रन चाहिए हैं। पाकिस्तान की टीम अब इस लक्ष्य का पीछा कर रही है। टी20 विश्व कप में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ ये सबसे बड़ा स्कोर है। इस बीच पारी के आगाज होते ही पाकिस्तान के 3 विकेट गिर गए हैं। पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को पवेलियन भेजा। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी है।
टीम इंडिया की बल्लेबाजी की बात की जाए तो भारत को पहला झटका पहले ही ओवर में लग गया था, जब सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए। उन्होंने चार बॉल का सामना किया। इसके बाद तिलक वर्मा और ईशान किशन के बीच जबरदस्त साझेदारी हुई। ईशान किशन ने 40 बॉल पर 77 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 10 चौके और 3 छक्के लगाए। तिलक वर्मा काफी देर क्रीज पर तो रहे, लेकिन वे धीमी बल्लेबाजी करते हुए नजर आए। तिलक ने 24 बॉल पर 25 रन बनाए।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी एक ठीकठाक पारी खेली। उन्होंने 29 बॉल पर 32 रन बनाए। सूर्या ने तीन चौके लगाए। हार्दिक पांड्या पहली ही बॉल पर आउट हो गए। वे अपना खाता तक नहीं खोल पाए। हालांकि आखिरी के ओवर्स में शिवम दुबे ने 17 बॉल पर तेजी से 27 रन बनाकर भारत का स्कोर यहां तक पहुंच दिया। रिंकू सिंह ने केवल 4 बॉल खेलकर 11 रन बन दिए।
टॉस के वक्त भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वे पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे, टॉस हारकर भी उन्हें वही मिल गई है। सूर्या ने कहा कि पिछले दो मैच टीम ने डिफेंड करते हुए जीते हैं, इसलिए हम इसे बदलना नहीं चाहते। यह एक मौका है, यह एक हाई-स्टेक गेम है। प्लेइंग इलेवन को लेकर उन्होंने कहा कि दो बदलाव किए गए हैं। अभिषेक शर्मा आए हैं, संजू सैमसन बाहर हो गए हैं। अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव आए हैं।

