महिला ट्रैप में भारत को रजत, आशिमा और मनीषा ने भी बढ़ाया गौरव

0

नई दिल्ली : भारत ने एशियन गेम्स 2026 की महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। नीरू ढांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय टीम ने 3 दिन तक चले 125-शॉट के क्वालिफिकेशन राउंड में कुल 328 अंक हासिल किए। भारतीय टीम ने रजत पदक की दौड़ में कुवैत को पीछे छोड़ा। चीन ने 346 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कुवैत की टीम 325 अंकों के साथ कांस्य पदक पर रही। यह मुकाबला आइची प्रीफेक्चुरल जनरल शूटिंग गैलरी में आयोजित किया गया।

व्यक्तिगत ट्रैप फाइनल में पहुंचीं नीरू ढांडा

नीरू ढांडा ने टीम पदक के साथ व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारत की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 125 में से 118 अंक हासिल किए और कतर की बासिल रे के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहीं। नीरू अब महिला ट्रैप के व्यक्तिगत फाइनल में पदक के लिए निशाना साधेंगी। हालांकि, भारत की अन्य दोनों निशानेबाज व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। आशिमा अहलावत ने 106 अंक के साथ 16वां स्थान हासिल किया, जबकि मनीषा कीर 104 अंक के साथ 23वें स्थान पर रहीं।

पुरुष ट्रैप में निराशा हाथ लगी

भारत को पुरुषों की ट्रैप टीम स्पर्धा में कोई पदक नहीं मिला। महिला टीम के रजत पदक के विपरीत पुरुष निशानेबाजों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। भारत 339 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहा। कुवैत ने 355 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कतर ने 349 अंकों के साथ रजत और कजाकिस्तान ने 348 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
शपथ भारद्वाज ने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। युवा निशानेबाज ने पांच सीरीज के बाद 117 अंक हासिल किए और संयुक्त रूप से रहे। क्वालिफिकेशन में वह शीर्ष छह स्कोर में शामिल रहे, जिससे उन्हें फाइनल का टिकट मिल गया।

ईशा ने लगातार दूसरा रजत पदक जीता

इससे पहले सोमवार को ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता था। स्वर्ण के लिए हुए शूट-ऑफ में चीन की शियाओ जियारुईशुआन ने ईशा को 3-2 से हराया। 50 शॉट के बाद ईशा और शियाओ के 38-38 हिट थे और दोनों ने एशियन गेम्स रिकॉर्ड की बराबरी की थी। पहले शूट-ऑफ में दोनों ने पांच में से चार निशाने लगाए। इसके बाद दूसरे शूट-ऑफ में शियाओ ने 3-2 से बाजी मारकर स्वर्ण जीता। यह एशियन गेम्स में ईशा का महिला 25 मीटर पिस्टल में लगातार दूसरा रजत पदक है। हांगझोउ 2023 में भी वह इस स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रही थीं। तब उन्होंने मनु भाकर और रिदम सांगवान के साथ टीम स्वर्ण पदक जीता था।

शूटिंग में भारत की पदक संख्या हुई 13

महिला ट्रैप टीम के रजत के साथ एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या 13 हो गई है। इनमें एक स्वर्ण पदक भी शामिल है, जो 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में कमलजीत और सुरूची सिंह ने जीता था। भारत के कुल पदकों की संख्या अब 46 हो गई है। इनमें चार स्वर्ण, 21 रजत और 21 कांस्य पदक शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here