नई दिल्ली: भारत के लिए 21 टेस्ट मैच खेल चुके मयंक अग्रवाल इन दिनों इंग्लैंड में काउंटी डिविजन 1 में यॉर्कशायर की ओर से खेल रहे हैं। हाल ही में उन्होंने डरहम के खिलाफ शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए पहली पारी में शतक जड़ दिया। यह काउंटी क्रिकेट में मयंक का पहला शतक रहा, जबकि फर्स्ट क्लास क्रिकेट में यह उनके करियर का 19वां शतक है। उनकी इस पारी ने यॉर्कशायर को मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया और उनके अनुभव का बेहतरीन नमूना पेश किया।
मयंक अग्रवाल का धमाका, काउंटी क्रिकेट में खेली 175 रन की शानदार पारी
इन दिनों एशिया कप का खुमार सबके सिर चढ़कर बोल रहा है और इस बीच मयंक ने इंग्लैंड में जिस तरह का खेल दिखाया उससे क्रिकेट फैंस की खुशियां और बढ़ गई। मयंक अग्रवाल ने पहली पारी में अपनी टीम के लिए 195 गेंदों पर 175 रन की बेहतरीन पारी खेली और फिर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान मयंक ने 5 छक्के और 20 चौके लगाए।
जैक व्हाइट की घातक गेंदबाज़ी, एक पारी में झटके 5 विकेट
इस मैच की पहली पारी में डरहम ने यॉर्कशायर के खिलाफ 346 रन बनाए। डरहम की ओर से बेन रेन ने शानदार 101 रन की पारी खेली, जबकि डेविड बेडिंगहैम ने 93 रन बनाकर शतक से चूक गए। यॉर्कशायर की तरफ से जैक व्हाइट ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 20.2 ओवर में 69 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। जॉर्ज हिल ने भी अपनी टीम के लिए 2 विकेट झटके। खबर लिखे जाने तक यॉर्कशायर ने पहली पारी में 5 विकेट पर 313 रन बना लिए थे, जिससे उन्हें 33 रन की बढ़त हासिल हुई है।

