तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों का जलवा, पहली पारी में 486/4 के स्कोर पर खेल समाप्त

0

नई दिल्ली: तीसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है। भारत ने अपनी पहली पारी में चार विकेट गंवाकर 486 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे। इस लिहाज से भारतीय टीम की अब तक बढ़त 118 रन की हो चुकी है। भारत ने शनिवार को एक विकेट पर 159 रन से आगे खेलना शुरू किया और आज 325 रन बनाए। भारत को तीन झटके देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल के रूप में लगे। राहुल ने टेस्ट करियर का 13वां शतक लगाया। उन्होंने पडिक्कल के साथ 165 रन की साझेदारी निभाई। पडिक्कल ने भी दूसरा टेस्ट अर्धशतक लगाया। पडिक्कल 175 गेंद में 10 चौके की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, राहुल ने 290 गेंद में नौ चौके और दो छक्के की मदद से 136 रन की पारी खेली। पडिक्कल को जेमीसन ने क्लीन बोल्ड किया था, जबकि राहुल को नाथन स्मिथ ने बोल्ड किया। आउट होने से पहले राहुल ने कप्तान गिल के साथ भी 91 रन की साझेदारी निभाई।

गिल और पंत के अर्धशतकों से भारत की पकड़ मजबूत

राहुल के आउट होने के बाद गिल ने पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 100 रन जोड़े। पंत ने 55 गेंद में टेस्ट करियर का 22वां अर्धशतक लगाया। वहीं, गिल ने 10वां अर्धशतक लगाया। ऐसा लग रहा था कि गिल आसानी से शतक बना लेंगे, लेकिन जैकब डफी की गेंद पर वह क्लीन बोल्ड हो गए। गिल ने 146 गेंद में नौ चौके और दो छक्के की मदद से 98 रन की पारी खेली। फिलहाल पंत 62 गेंद में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 55 रन बनाकर और अंशुल कंबोज खाता खोले बिना क्रीज पर हैं। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी, काइल जेमीसन, जैकब डफी और नाथन स्मिथ ने एक-एक विकेट लिए हैं। इससे पहले शुक्रवार को यशस्वी जायसवाल 89 गेंद में 16 चौके की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here