यूथ हॉकी-5 एशियाई चैंपियनशिप के लिए रवाना हुई भारतीय पुरुष और महिला टीमें

0

नई दिल्ली। भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें शनिवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से यूथ हॉकी-5 एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भाग लेने के लिए ओमान के मस्कट रवाना हुईं। यह प्रतियोगिता 20 से 25 जुलाई तक आयोजित होगी और पहली बार खेली जा रही है। यह टूर्नामेंट एशिया की उभरती प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच होगा। साथ ही यह एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी-5 विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है।

पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह की कोचिंग में भारतीय पुरुष टीम को एलीट पूल में मेजबान ओमान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। वहीं, पूर्व कप्तान रानी के मार्गदर्शन में भारतीय महिला टीम चीन, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान के खिलाफ एलीट पूल में चुनौती पेश करेगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 जुलाई से करेगा। पुरुष टीम पहले मुकाबले में बांग्लादेश से भिड़ेगी, जबकि महिला टीम का पहला मैच कजाकिस्तान के खिलाफ होगा। भारतीय हॉकी टीमों का लक्ष्य इस टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप का टिकट हासिल करना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here