भोपाल।( एनएसटी न्यूज़) एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में मलेशिया को 5-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय टीम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
भारतीय टीम की इस स्वर्णिम सफलता में मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग की हॉकी अकादमी के खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे। विवेक सागर के प्रदर्शन और भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर मध्यप्रदेश में भी खुशी की लहर है।
फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल, जबकि जुगराज सिंह, हार्दिक सिंह और शिलानंद लाकड़ा ने एक-एक गोल किया। मलेशिया की ओर से शेल्लो सिल्वरियस ने एक गोल किया।
मध्यप्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से मध्यप्रदेश की हॉकी अकादमी के खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का हिस्सा बनने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मंत्री सारंग ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का यह शानदार प्रदर्शन देश के करोड़ों खेल प्रेमियों के लिए गौरव का विषय है। एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक और ओलंपिक क्वालीफिकेशन भारतीय हॉकी के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।


