36वीं राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट सीनियर चैंपियनशिप: तीसरे दिन भारतीय पुलिस का दबदबा, जीते पांच स्वर्ण पदक

0

एनएसटी न्यूज, भोपाल। 36वीं राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट सीनियर महिला एवं पुरुष चैंपियनशिप के तीसरे दिन भारतीय पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता पर अपना दबदबा बनाए रखा। पांच किलोमीटर की लंबी दूरी की रेस में भारतीय पुलिस की महिला टीम ने चार स्वर्ण पदक जबकि पुरुष टीम ने तीन रजत पदक अपने नाम किए। मेजबान मध्य प्रदेश ने भी एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतकर प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई। राजधानी के छोटे तालाब पर आयोजित तीसरे दिन की प्रमुख स्पर्धा पांच किलोमीटर लंबी रेस रही। महिला वर्ग में चारों स्वर्ण पदक भारतीय पुलिस के खाते में गए। वहीं पुरुष वर्ग में तीन स्वर्ण पदक भारतीय पुलिस ने जीते, जबकि एक स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को मिला।

पुरुष वर्ग के के-1 इवेंट में मध्य प्रदेश के वंश शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। एसएससीबी के एच.ए. सिंह को रजत और भारतीय पुलिस के सोनू साहू को कांस्य पदक मिला। के-2 इवेंट में एसएससीबी ने स्वर्ण, भारतीय पुलिस ने रजत जबकि मध्य प्रदेश के पवन वर्मा और शिवोम यादव की जोड़ी ने कांस्य पदक हासिल किया। सी-1 इवेंट में एसएससीबी के अजीत कुमार ने स्वर्ण, भारतीय पुलिस के गणेश यदु ने रजत और उत्तर प्रदेश के सुधांशु भारतीय ने कांस्य पदक जीता। सी-2 इवेंट में एसएससीबी के अमित कुमार और अखिल की जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

महिला वर्ग में सी-1 इवेंट में भारतीय पुलिस की ओवाय देवी ने स्वर्ण, मणिपुर की के. सरोज देवी ने रजत और चंडीगढ़ की शिवानी ने कांस्य पदक जीता। के-1 इवेंट में भारतीय पुलिस की ए. मीना देवी ने स्वर्ण, केरल की अलीना बीजू ने रजत और राजस्थान की वंशिका ने कांस्य पदक हासिल किया। सी-2 इवेंट में भारतीय पुलिस की एम. इनोचा देवी और टी. चानू ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पंजाब की रिया और ज्योति तथा दिल्ली की रिया चौरसिया और तनुजा भंडारी को कांस्य पदक मिला। के-2 इवेंट में भारतीय पुलिस की एम. जीना देवा और सोनिका देवी ने स्वर्ण, ओडिशा की फलमानी और एलीना ने रजत तथा मध्य प्रदेश की भाग्यश्री साहू और दिव्यांशी ने कांस्य पदक जीता।

आज होगा समापन

मध्य प्रदेश कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के सचिव मयंक ठाकुर ने बताया कि लंबी दूरी की रेस में देशभर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया। गुरुवार को 200 मीटर, मास्टर्स और मिक्स इवेंट की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। शाम छह बजे समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (पुलिस हाउसिंग) अजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे।

ये रहे मौजूद

आज के मुकाबलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को डीआईजी उपेंद्र रावत, पार्षद शिरोमणी शर्मा, पार्षद जीत सिंह राजपूत, विश्वामित्र पुरस्कार से सम्मानित जयदेव शर्मा, एमपीकेसीए अध्यक्ष पी.एस. बुंदेला, उपाध्यक्ष रश्मिकला होलानी, विश्वामित्र अवार्डी विनोद मिश्रा, टूर्नामेंट डायरेक्टर अनिल राठी, हिमाचल प्रदेश के सचिव पदम गुलारिया, दीपक कुमार, पी.के. बरोई, महेश विश्वकर्मा और मनोज सक्सेना ने सम्मानित किया।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here